'फिल्म के लिए क्या खुद को बदल लूं?', 'सम्राट पृथ्वीराज' में नकली मूंछ पर ट्रोल करने वालों को अक्षय कुमार ने दिया जवाब
एबीपी एंटरटेनमेंट डेस्क April 23, 2026 07:42 AM

बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म 'भूत बंगला' को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें उनकी एक्टिंग को सराहना मिल रही है. वहीं हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अक्षय कुमार ने साल 2022 में आई अपनी फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' में नकली मूंछों की ट्रोलिंग पर चुप्पी तोड़ी है.

नकली मूछों के इस्तेमाल पर क्या बोले अक्षय कुमार
दरअसल, इस फिल्म में नकली मूंछों के साथ नजर आने के बाद अक्षय कुमार विवादों में आ गए थे. उनके इस लुक को लेकर कई दर्शकों ने सवाल उठाए. वहीं अब एक्टर ने आखिरकार इस विवाद पर चुप्पी तोड़ी है और बताया है कि उन्होंने नकली मूंछों का इस्तेमाल क्यों किया था.

अक्षय कुमार ने बताई असली वजह
फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' में नकली मूंछों को लेकर उठे विवाद पर अब चार साल बाद अक्षय कुमार ने अपनी चुप्पी तोड़ी है. शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में उन्होंने इस मुद्दे पर खुलकर बात की. अक्षय ने साफ किया कि यह मामला दाढ़ी-मूंछ न बढ़ाने की इच्छा का नहीं था.

उन्होंने कहा, 'मैं कई फिल्मों और अलग-अलग लुक्स पर एक साथ काम करता हूं. जैसे अभी मैंने ये दाढ़ी बढ़ाई है, इसे बढ़ाने में करीब 6 हफ्ते लगे और उन 6 हफ्तों में मैंने कोई काम नहीं किया. तो ऐसा नहीं है कि मैं मेहनत नहीं करना चाहता.'

ये भी पढेंः सारा-रकुल से आयुष्मान-वामिका तक 'पति पत्नी और वो दो' के टीजर लॉन्च इवेंट में स्टारकास्ट ने लूटी महफिल

अक्षय कुमार ने मांगी माफी
इस पर आगे बात करते हुए अक्षय कुमार ने कहा, ''सम्राट पृथ्वीराज' में कहानी के मुताबिक एक खास तरह की मूंछ चाहिए थी, और वैसी मूंछ मेरे चेहरे पर नैचुरली नहीं उग सकती. तो हां, हो सकता है कि नकली मूंछ अच्छी न लगी हो, कई लोगों को पसंद नहीं आई हो. लेकिन आखिर में ये एक्टिंग ही है. वैसी मूंछ उगाना मेरे लिए संभव नहीं था, इसलिए ऐसा करना पड़ा. और अगर लोगों को ये पसंद नहीं आया, तो मैं माफी चाहता हूं.'

फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' 3 जून 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. इसका निर्देशन चन्द्रप्रकाश द्विवेदी ने किया था और इसे यश राज फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया था. लगभग 175 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में करीब 90 करोड़ रुपये की कमाई की थी. ये ऐतिहासिक ड्रामा महान योद्धा पृथ्वीराज चौहान की बायोपिक पर बेस्ड थी.

वहीं, 'भूत बंगला' कि बात करें तो फिल्म को दर्शकों से काफी अच्छा रिसपॉन्स मिल रहा है. प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस हॉरर-कॉमेडी में अक्षय कुमार, परेश रावल, राजपाल यादव, तब्बू और वामिका गब्बी भी अहम भूमिकाओं में हैं.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.