अगर आप कार चलाना सीख रहे हैं, तो सबसे पहले जरूरी है कि आप कार को अच्छे से समझें. यह जानना जरूरी है कि आपकी कार मैनुअल है या ऑटोमैटिक. मैनुअल कार में क्लच और गियर की समझ बहुत जरूरी होती है. ड्राइविंग की शुरुआत A-B-C से होती है, जहां A मतलब एक्सेलेरेटर, B मतलब ब्रेक और C मतलब क्लच होता है.
शुरुआत में आपको बंद कार में बैठकर इन तीनों पैडल को दबाने की प्रैक्टिस करनी चाहिए. इससे आपके पैरों का कंट्रोल बेहतर होगा और सड़क पर गाड़ी चलाते समय डर कम लगेगा. धीरे-धीरे जब आपको इनका सही इस्तेमाल समझ में आ जाएगा, तो ड्राइविंग आसान लगने लगेगी.
ड्राइविंग सीखते समय सबसे जरूरी बात ये है कि आप दोनों हाथों को स्टीयरिंग पर रखें. कई लोग स्टाइल दिखाने के चक्कर में एक हाथ से गाड़ी चलाते हैं, जो बहुत खतरनाक हो सकता है. खासकर शुरुआती लोगों को ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहिए. शुरुआत में गाड़ी को हमेशा कम स्पीड में चलाएं. कम स्पीड में आप ब्रेक और एक्सेलेरेटर पर अच्छा कंट्रोल बना सकते हैं. जब आपको थोड़ा आत्मविश्वास आ जाए और सड़क खाली हो, तब धीरे-धीरे गियर बदलते हुए स्पीड बढ़ा सकते हैं. इससे आप सुरक्षित तरीके से ड्राइविंग सीख पाएंगे.
कार में बैठते ही सबसे पहले सीट बेल्ट जरूर लगाएं. इसके साथ ही अपनी सीट की पोजीशन सही कर लें, ताकि आपको स्टीयरिंग पकड़ने और सामने देखने में कोई दिक्कत न हो. ड्राइविंग के दौरान आपकी नजर हमेशा आगे की सड़क के साथ-साथ साइड मिरर और रियर व्यू मिरर पर भी होनी चाहिए. इससे आपको आसपास की गाड़ियों और लोगों का सही अंदाजा रहेगा और आप किसी भी खतरे से बच सकते हैं.
ड्राइविंग के दौरान इंडिकेटर का सही इस्तेमाल करना बहुत जरूरी है. लेफ्ट या राइट मुड़ते समय हमेशा इंडिकेटर दें, ताकि बाकी लोग समझ सकें कि आप क्या करने वाले हैं. इसके अलावा ओवरस्पीडिंग और बिना जरूरत ओवरटेक करने से बचें. कई लोग जल्दी सीखने के चक्कर में तेज गाड़ी चलाते हैं, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए हमेशा आराम से और नियमों का पालन करते हुए गाड़ी चलाएं.
ड्राइविंग सीखते समय सबसे जरूरी चीज है आत्मविश्वास. अगर आप खुद पर भरोसा रखेंगे, तो जल्दी सीख पाएंगे. घबराने की जरूरत नहीं है, बस धीरे-धीरे प्रैक्टिस करते रहें. साथ ही हमेशा अपने पास ड्राइविंग लाइसेंस रखें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें. सही तरीके से ड्राइविंग सीखकर आप न सिर्फ खुद सुरक्षित रहेंगे, बल्कि दूसरों को भी सुरक्षित रख पाएंगे.