ईमानदार ऑटो वाला: लाखों के गहने-कैश लौटाया, गाड़ी में भूल गई थी महिला यात्री
TV9 Bharatvarsh April 25, 2026 12:43 PM

हैदराबाद में एक ऑटो चालक की ईमानदारी की खूब तारीफ हो रही है. कर्नाटक की रहने वाली एक महिला उसके ऑटो में सोने के गहने और नकदी भूल गई थी, जिसे उसने सुरक्षित लौटाकर एक मिसाल पेश की है. ऑटो चालक की चर्चा पूरे शहर में हो रही है.

जानकारी के अनुसार, कर्नाटक के गुलबर्गा की निवासी सुजाता आर. हीरेमठ गुरुवार शाम करीब 6:45 बजे नरसिंगी से बिरला मंदिर जाने के लिए ऑटो में बैठी थीं. यात्रा पूरी होने के बाद जब वह अपने गंतव्य पर उतरीं, तो उन्हें कुछ देर बाद एहसास हुआ कि उनका बैग ऑटो में ही छूट गया है. बैग में करीब 6.5 तोला सोने के गहने और लगभग 3,500 रुपये नकद रखे हुए थे.

थाने पहुंच महिला ने दर्ज कराई शिकायत

अचानक हुए इस नुकसान से घबराई महिला ने तुरंत सैफबाद पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू कर दी. इंस्पेक्टर ए. सीताय्या के निर्देश पर कांस्टेबल विनय कुमार और मदन मोहन को मामले की जांच सौंपी गई. पुलिस टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और करीब एक घंटे के भीतर उस ऑटो की पहचान कर ली, जिसमें महिला ने सफर किया था.

खुद थाने पहुंचा ऑटो चालक

जब पुलिस ने ऑटो चालक के. नागेश से संपर्क किया, तो उन्होंने बताया कि बैग उनके ऑटो में सुरक्षित रखा हुआ है. इसके बाद नागेश खुद पुलिस स्टेशन पहुंचा और बिना किसी लालच के बैग समेत उसमें रखे सभी गहने और नकदी पुलिस को सौंप दिए. पुलिस ने पूरी जांच के बाद सामान महिला को लौटा दिया.

पुलिस ने दिए नकद पुरस्कार

चालक की इस ईमानदारी से प्रभावित होकर इंस्पेक्टर सीताय्या ने उसकी सराहना की और उसे नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया. आज के दौर में जहां ऐसे मामलों में अक्सर बेईमानी देखने को मिलती है, वहीं नागेश जैसे लोग समाज में विश्वास और नैतिकता को मजबूत करते हैं. उनकी यह पहल शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है.

ये भी पढ़ें – ‘आपका आतंकी कनेक्शन है’… ये कहकर डिजिटल अरेस्ट किया, ठगे 57 लाख रुपए

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.