ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-1 थाना क्षेत्र अंतर्गत एक ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो में किराना व्यापारी का शव मिलने से हड़कंप मच गया. मृतक के हाथ में पिस्तौल और कार के शीशे पर गोली का निशान मिलने के बाद शुरुआती तौर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, पुलिस हत्या के एंगल को भी नजरअंदाज नहीं कर रही है. इसी के चलते सभी बिंदुओं पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राहुल विधुड़ी के रूप में हुई है, जो कि मूल रूप से ग्रेटर नोएडा के पी-4 सेक्टर का रहने वाला बताया जा रहा है. रविवार शाम करीब 5 बजे के आसपास पुलिस को सूचना मिली कि घरबरा गांव के पास एक स्कॉर्पियो संदिग्ध हालत में खड़ी है. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई. कार की जांच की तो ड्राइवर सीट पर राहुल विधूड़ी मृत अवस्था में मिले.
मृतक के हाथ में थी पिस्तौलउनके हाथ में पिस्तौल थी और एक खोखा भी फंसा हुआ था. कार के शीशे पर गोली लगने का निशान भी पाया गया. ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. क्योंकि मृतक के हाथ में पिस्तौल मिली है. हालांकि, पुलिस अभी इसे आत्महत्या मानकर पूरी तरह निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है. मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है.
CCTV खंगाल रही पुलिसपुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, जिससे यह भी पता चल सके की मृतक ने खुद को गोली मारी है या फिर हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना के वक्त राहुल कार में अकेला था या फिर कोई और भी उसके साथ मौजूद था. पुलिस ने मौके से पिस्तौल , मृतक का मोबाइल और पर्स बरामद किया है. पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल और आखिरी लोकेशन की भी जांच कर रही है.
किराने की दुकान चलाता था मृतकपरिजनों के मुताबिक, राहुल रविवार सुबह घर से काम पर जाने की बात कहकर निकला था. इसके बाद शाम को उनकी मौत की खबर मिलने से परिवार में कोहराम मच गया. राहुल अपनी पत्नी और एक बेटी के साथ ग्रेटर नोएडा के सेक्टर चाई 4 में रहते थे. इलाके में ही किराने की दुकान चलाते था. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जिस हथियार से गोली चली है वह अवैध प्रतीत हो रहा है. अभी तक परिजन उसका लाइसेंस भी नहीं दिखा सकेहै. फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों को पता चला पाएगा.