बुलंदशहर । उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अरनिया बिजली घर के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रही एक महिला और उसकी तीन साल की बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, महिला अपने गांव क्योली खुर्द से आधार कार्ड में संशोधन कराने के लिए अरनिया बिजली घर गई थी। काम पूरा करने के बाद जब वह अपनी बेटी के साथ पैदल सड़क पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना भीषण था कि मासूम बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। एक ही परिवार की मां और मासूम बेटी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी वाहन की तलाश की जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।