भारतीय शादियों में महिलाओं के परिधान में भारी लहंगे और पारंपरिक हैंडलूम साड़ियों का चलन रहा है। हालांकि, अब महिलाएं इस पारंपरिक फैशन को छोड़कर नए ट्रेंड को अपनाने लगी हैं। वे ऐसे लुक की तलाश में हैं जो देसी वाइब के साथ-साथ आधुनिकता का भी स्पर्श दे। खासकर, आरामदायक कपड़ों को प्राथमिकता दी जा रही है, चाहे वह ब्राइडल लुक ही क्यों न हो। आउटफिट के डिज़ाइन, रंग संयोजन और ज्वेलरी पहनने के तरीके में भी बदलाव आया है।
भारतीय शादियों में पहले चटख रंगों का प्रचलन था, लेकिन अब पेस्टल रंगों का चलन बढ़ रहा है। महिलाएं अब ऐसे रंगों का चयन कर रही हैं जो आंखों को भाते हैं और एक युवा लुक प्रदान करते हैं। ब्लश पिंक, सेज ग्रीन, और पाउडर ब्लू जैसे रंग अब शादी के विभिन्न समारोहों में लोकप्रिय हो रहे हैं।
साड़ी हमेशा से महिलाओं की पसंद रही है, लेकिन इसे पहनने में समय और मेहनत लगती है। अब महिलाएं प्री-ड्रेप्ड या रेडी-टू-वियर साड़ियों को पसंद कर रही हैं, जो न केवल पारंपरिक लुक देती हैं, बल्कि स्टाइलिश भी होती हैं। ये साड़ियाँ रिसेप्शन और डेस्टिनेशन वेडिंग जैसे अवसरों के लिए आदर्श हैं।
महिलाएं अब अपने लुक को पूरी तरह पारंपरिक रखने के बजाय इंडो-वेस्टर्न फ्यूजन लुक को अपनाने लगी हैं। केप स्टाइल ब्लाउज़, को-ऑर्ड सेट और प्लीटेड काउल स्कर्ट जैसे आउटफिट्स अब शादी में मेहमानों के बीच लोकप्रिय हो रहे हैं।
पहले जहां भारी ज्वेलरी का चलन था, वहीं अब महिलाएं कम लेकिन प्रभावशाली ज्वेलरी पहनना पसंद कर रही हैं। एक स्टेटमेंट पीस पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है, जैसे कि एक बड़ा चोकर या हल्के झुमके।
फैशन के साथ-साथ मेकअप ट्रेंड में भी बदलाव आया है। अब महिलाएं हल्के और प्राकृतिक मेकअप को प्राथमिकता दे रही हैं। भारी लाइनर की जगह मस्कारा का उपयोग अधिक किया जा रहा है, जिससे लुक और भी फ्लॉलेस और युवा नजर आता है।