मुंबई, 28 अप्रैल। कॉमेडी और बेहतरीन अभिनय के लिए जाने जाने वाले श्रेयस तलपड़े इन दिनों आध्यात्मिक यात्रा पर हैं। हाल ही में, उन्होंने मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन किए।
अभिनेता ने मंगलवार को अपनी यात्रा की कुछ तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा कीं, जिसमें वे मंदिर परिसर में भक्ति में लीन दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने महादेव का आशीर्वाद लेने के क्षणों को अपने कैमरे में कैद किया।
अपने अनुभव को साझा करते हुए श्रेयस ने कहा कि ओंकारेश्वर की ऊर्जा अद्भुत है। उन्होंने लिखा, "महादेव ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के इस दिव्य दर्शन के लिए ऋषि पटेल जी और अग्रवाल जी का धन्यवाद। इस स्थान की ऊर्जा को केवल अनुभव किया जा सकता है, इसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है।"
उन्होंने अपनी पोस्ट में खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इस पवित्र स्थान पर पूजा करने का अवसर पाकर वे खुद को भाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। उन्होंने लिखा, "भोलेनाथ हम सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। हर हर महादेव।"
ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में नर्मदा नदी के किनारे स्थित है। यह भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से चौथा प्रमुख ज्योतिर्लिंग माना जाता है। खास बात यह है कि यह द्वीप ‘ॐ’ (ओम) के आकार में है। यहां भगवान शिव स्वयंभू शिवलिंग के रूप में विराजमान हैं। ममलेश्वर (अमलेश्वर) मंदिर के दर्शन भी महत्वपूर्ण माने जाते हैं।
श्रेयस तलपड़े जल्द ही अभिनेत्री काजल अग्रवाल के साथ सामाजिक-राष्ट्रीय ड्रामा 'द इंडिया स्टोरी' में नजर आएंगे। यह फिल्म खेती में कीटनाशकों और रसायनों के दुरुपयोग के गंभीर मानवीय और पर्यावरणीय संकट को उजागर करती है।
इस फिल्म का निर्देशन चेतन डीके ने किया है और कहानी सागर बी शिंदे द्वारा लिखी और निर्मित है। यह फिल्म जी स्टूडियोज द्वारा वर्ल्डवाइड रिलीज की जाएगी, जो हिंदी के साथ-साथ तेलुगु और तमिल भाषाओं में भी उपलब्ध होगी.