दूल्हे के घर पहुंचने से पहले हुई दुल्हन की मौत, शादी से लौटते वक्त टैंकर से टकराई कार
TV9 Bharatvarsh April 29, 2026 05:44 PM

​महाराष्ट्र के जलगांव जिले के धरनगांव तहसील स्थित वराड खुर्द गांव के पास हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार क्रूज़र वाहन का टायर फटने से गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े गैस टैंकर से जा टकराई. हादसे में नई नवेली दुल्हन समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

मृतकों की पहचान पूजा रवि वाघलकर, दत्तू भागवत और जगदीश वाघलकर के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि तीनों एक ही परिवार के सदस्य थे.

जानकारी के मुताबिक, गुजरात से शादी समारोह संपन्न कर बारात अकोला लौट रही थी. इसी दौरान वराड खुर्द के पास चलती क्रूज़र का अगला टायर अचानक फट गया.

टायर फटने के बाद वाहन का पहिया निकल गया और चालक नियंत्रण खो बैठा. इसके बाद क्रूज़र हाईवे किनारे खड़े गैस टैंकर से टकराकर पलट गई.

हादसा उस समय हुआ, जब नवविवाहित दुल्हन को शादी के बाद वापस घर लाया जा रहा था. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए.

इस हादसे में छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों में एक छोटा बच्चा भी शामिल है, जिसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है. सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.