ICSE Class 10th, ISC 12th Result 2026 Live Updates: आईसीएसई बोर्ड की परीक्षा में शामिल हुए छात्रों का इंतजार 30 अप्रैल यानी आज खत्म होने वाला है. काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) आईसीएसई कक्षा 10वीं और आईएससी कक्षा 12वीं का रिजल्ट सुबह 11 बजे घोषित करेगा, जिसे छात्र सीआईएससीई की आधिकारिक वेबसाइट्स cisce.org और results.cisce.org पर देख सकेंगे. दोनों बोर्ड परीक्षाएं फरवरी से अप्रैल के बीच आयोजित की गईं थीं. आईसीएसई 10वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 30 मार्च तक चली थीं, जबकि आईएससी 12वीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से 6 अप्रैल तक आयोजित की गईं थीं. वहीं, पश्चिम एशिया में क्षेत्रीय सुरक्षा चिंताओं के कारण यूएई केंद्रों पर परीक्षाएं रद्द कर दी गईं थीं.
दोनों बोर्ड परीक्षाओं के रिजल्ट जारी होने के बाद पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन 1 मई से 4 मई 2026 तक खुले रहेंगे, जिसके बाद जून की शुरुआत में पुनर्मूल्यांकन के रिजल्ट घोषित किए जाएंगे. वहीं, छात्र 8 से 14 मई 2026 तक सुधार परीक्षाओं के लिए रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं. ये परीक्षाएं 15 जून 2026 से शुरू होंगी और रिजल्ट जुलाई में आने की उम्मीद है. इस प्रावधान के तहत छात्र अधिकतम दो विषयों की परीक्षा दे सकते हैं. आईसीएसई 10वीं और आईएससी 12वीं के रिजल्ट से जुड़े हर अपडेट के लिए इस पेज को रिफ्रेश करते रहें.