दिल्ली: नहाते समय गहराई में चले गए 3 बच्चे… द्वारका सेक्टर-24 गोल्फ कोर्स के तालाब में डूबने से हुई मौत
TV9 Bharatvarsh April 30, 2026 02:43 PM

Delhi News: दिल्ली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. द्वारका सेक्टर-24 स्थित गोल्फ कोर्स के तालाब में तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई. इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है.

जानकारी के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 7 बजकर 7 मिनट की है, जब दिल्ली पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि तालाब में तीन बच्चे डूब गए हैं. सूचना मिलते ही सेक्टर-23 थाने की पुलिस टीम और एसएचओ मौके पर पहुंचे. तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया गया और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

तालाब में नहाने गए थे बच्चे

पुलिस के अनुसार, मृत बच्चों की उम्र करीब 8 से 10 साल के बीच बताई जा रही है. डीसीपी द्वारका के मुताबिक मौके पर बच्चों के कपड़े तालाब के बाहर पड़े मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि तीनों बच्चे नहाने के लिए तालाब में उतरे थे और गहराई का अंदाजा न होने के कारण हादसे का शिकार हो गए.

नहीं हो पाई है मृतक बच्चे की पहचान

घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. फिलहाल बच्चों की पहचान नहीं हो सकी है, और न ही इस संबंध में किसी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है.

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्चे वहां कैसे पहुंचे और घटना से पहले क्या हुआ था.

ये भी पढ़ें – दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, चलती कार में जिंदा जले 5 लोग

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.