बरगी डैम क्रूज हादसा : मां से लिपटा मिला बेटे का शव, रो पड़े रेस्क्यू में जुटे लोग
Webdunia Hindi May 01, 2026 04:44 PM

Bargi Dam Cruise Accident : मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में स्थित बरगी डैम में हुए क्रूज बोट हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। सेना, एसडीआरएफ समेत विशेषज्ञों की कई टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी है। बचाव कार्य के दौरान मां के सीने से लिपटा मासूम बेटे का शव देख मौके पर खड़े लोगों की आंखें छलक उठीं। ALSO READ: जबलपुर के बरगी डैम में पर्यटकों से भरा क्रूज डूबा, मृतक संख्या 9 हुई, रेस्क्यू जारी

हादसे में मां और बेटे दोनों की जान चली गई, लेकिन मां ने आखिरी सांस तक बेटे को नहीं छोड़ा। मौत के बाद भी वह अपने ममता के आंचल में मासूम को समेटे हुए थी। यह दृश्य इतना मार्मिक था कि कठोर दिल वाले लोग भी सिहर उठे।

रेस्क्यू में जुटी सेना और एनडीआरएफ

इस बीच मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि बचाव अभियान लगातार चल रहा है, हालात खराब थे। कल बारिश हो रही थी, अंधेरा था और पानी बहुत गहरा था, इसलिए बचाव अभियान पूरा नहीं हो सका था। NDRF की टीम भी आ गई है, आर्मी की कुछ टीमें भी आ गई हैं जो ऐसे मामलों में माहिर हैं।

उन्होंने कहा कि अब तक 9 शव निकाले जा चुके हैं। 22 जीवित लोगों को बचाया गया है... हालात बहुत मुश्किल हैं, चुनौतियां हैं, इसलिए सिर्फ़ एक्सपर्ट टीमें ही बचाव कर पा रही हैं।

हादसे की जांच के आदेश

मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि यह बहुत दुखद और हृदयविदारक घटना है। मैंने विभाग को इस घटना के जांच के आदेश दिए हैं। अगर लापरवाही के कारण यह घटना हुई है तो हम कठोर से कठोर कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि CCTV फूटेज में कुल 43 लोग थे, जिसमें से 2 लोग नाव के जरिए निकल गए थे और 6 लोगों को निकलते हुए देखा गया है। मैंने जांच के निर्देश दिए हैं, अगर कोई भी लापरवाही पाई गई तो कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी, यह अक्षम्य है।
edited by : Nrapendra Gupta

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.