अगर आपकी गाड़ी की टंकी 27 लीटर की है और उसमें 32 लीटर पेट्रोल भर जाए तो इसे क्या कहेंगे. तकनीक का कमाल या सीधा-सीधा खेल? कुछ ऐसा ही मामला शहर के हयातनगर इलाके में सामने आया है, जिसने पेट्रोल पंपों की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना एक एचपी पेट्रोल पंप की है, जहां एक कार मालिक ने दावा किया कि उसकी गाड़ी की टंकी की क्षमता मात्र 27 लीटर है, लेकिन उसे 32 लीटर पेट्रोल भरने का बिल थमा दिया गया. बिल देखते ही ग्राहक के होश उड़ गए और उसने तुरंत पंप पर ही आपत्ति जताई.
ग्राहक का कहना है कि यह कोई छोटी-मोटी गलती नहीं हो सकती. उसने नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर टंकी की क्षमता से ज्यादा पेट्रोल भर गया तो या तो मेरी गाड़ी कोई नया विज्ञान खोज रही है या फिर यहां कुछ गड़बड़ जरूर है. उसने इस बारे में जब पंप कर्मचारियों से सवाल किया तो कथित तौर पर उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला.
पीड़ित पुलिस के पास पहुंच गया
मामला बढ़ता देख पीड़ित सीधे पुलिस के पास पहुंच गया और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में अब यह देखा जा रहा है कि कहीं पेट्रोल पंप के मीटर में कोई गड़बड़ी या छेड़छाड़ तो नहीं की गई.
गाड़ी की टंकी में 5 लीटर का अंतर सामान्य नहीं
विशेषज्ञों का कहना है कि आमतौर पर गाड़ी की टंकी में उसकी तय क्षमता से थोड़ा बहुत अतिरिक्त पेट्रोल (रिजर्व स्पेस) आ सकता है, लेकिन 5 लीटर का अंतर सामान्य नहीं माना जा सकता. ऐसे मामलों में मीटर की सटीकता और मशीनों की नियमित जांच बेहद जरूरी होती है. यह घटना सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गई है. लोग मजाक में कह रहे हैं कि अब गाड़ी नहीं, पेट्रोल पंप अपग्रेड हो गया है, लेकिन इस मजाक के पीछे एक गंभीर चिंता भी छिपी है कि क्या आम लोग रोज ऐसे ही ठगे जा रहे हैं?
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यदि कोई अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित पंप के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है. वाहन चालकों को सलाह दी जा रही है कि वे पेट्रोल भरवाते समय सतर्क रहें और किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत शिकायत करें.
बंगाल के नतीजे से पहले TMC को बड़ा झटका, कोलकाता हाईकोर्ट ने खारिज की टीएमसी की याचिका