जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम को एक चौंकाने वाली घटना घटी। 22 वर्षीय दूल्हे की शादी की बारात के दौरान उसे सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने शादी के माहौल को मातम में बदल दिया और पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।
मृतक की पहचान सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव के निवासी आजाद बिंद के रूप में हुई है। आजाद अपनी बारात लेकर खेतासराय की ओर बढ़ रहे थे। शाम लगभग 7 बजे जब बारात बीबीपुर गांव के पास पहुंची, तभी मोटरसाइकिल पर सवार नकाबपोश हमलावरों ने दूल्हे की गाड़ी को ओवरटेक कर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और बाराती तुरंत लहूलुहान आजाद को जिला अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमलावर घटना के बाद मौके से फरार हो गए।
SSP कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि यह हत्या किसी रंजिश या लूट के इरादे से नहीं, बल्कि पारिवारिक विवाद के कारण हुई है।
पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव ने कहा कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और परिजनों की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
“आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही अपराधी सलाखों के पीछे होंगे।”
जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और गांव में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है।