अंडर गारमेंट्स बनाने वाले 'करोड़पति' का निधन, ऐसा था फर्श से अर्श का सफर
TV9 Bharatvarsh May 03, 2026 03:43 PM

होजरी सेक्टर की जानी-मानी कंपनी Dollar Industries Limited के संस्थापक और चेयरमैन एमेरिटस दीनदयाल गुप्ता का शनिवार को निधन हो गया. कंपनी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, उनका निधन उम्र से जुड़ी बीमारियों के कारण हुआ. वह 88 वर्ष के थे. उनके निधन की खबर से उद्योग जगत में शोक की लहर है.

परिवार संभाल रहा है कारोबार

दीनदयाल गुप्ता अपने पीछे पत्नी, चार बेटे और पोते-पोतियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. वर्तमान में कंपनी का संचालन उनका परिवार ही देख रहा है और उनके बनाए मजबूत बिजनेस मॉडल को आगे बढ़ा रहा है.

हरियाणा से कोलकाता तक का सफर

13 सितंबर 1937 को हरियाणा के भिवानी जिले के मानेरू गांव में जन्मे गुप्ता ने अपने जीवन की शुरुआत बेहद साधारण परिस्थितियों में की. साल 1962 में वह कोलकाता पहुंचे, जहां उन्होंने ग्राहकों की जरूरत के मुताबिक होजरी उत्पाद बनाना और बेचना शुरू किया. अपनी मेहनत और दूरदर्शिता के दम पर उन्होंने धीरे-धीरे मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स और रिटेल नेटवर्क खड़ा किया.

छोटे कारोबार से बड़ी कंपनी तक का सफर

साल 1972 में दीनदयाल गुप्ता ने डॉलर इंडस्ट्रीज की नींव रखी. उन्होंने ऐसे बाजारों पर फोकस किया, जहां बड़ी कंपनियां कम सक्रिय थीं. इसी रणनीति ने उन्हें तेजी से आगे बढ़ाया. करीब पांच दशकों में उन्होंने कंपनी को एक छोटे कारोबार से देश की अग्रणी होजरी और अपैरल कंपनियों में बदल दिया. आज कंपनी का सालाना टर्नओवर 1,700 करोड़ रुपये से ज्यादा है.

सम्मान और उपलब्धियां

दीनदयाल गुप्ता को उनके योगदान के लिए कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा गया. उन्हें वेस्ट बंगाल होजरी एसोसिएशन का लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड और सनमार्ग बिजनेस अवॉर्ड मिला. उनका जीवन संघर्ष, मेहनत और सफलता की एक प्रेरणादायक कहानी है, जिसे उद्योग जगत हमेशा याद रखेगा.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.