IPL में 7 करोड़ कमाने वाला खिलाड़ी जीता बंगाल में चुनाव, ऐसे खत्म हो गया था करियर
TV9 Bharatvarsh May 05, 2026 12:43 PM

IPL ने कई खिलाड़ियों को करोड़पति बनाया और उनमें एक नाम उस भारतीय क्रिकेटर का भी शामिल है, जिसका अब राजनीति की पिच पर डंका है. बंगाल चुनाव में जिसकी एक बार फिर से तूती बोलती दिखी है. हम बात कर रहे हैं भारत के पूर्व क्रिकेटर और तेज गेंदबाज रहे अशोक डिंडा की. क्रिकेट खेलने के दौरान तो डिंडा अपनी गेंदबाजी के साथ बॉलिंग एक्शन को लेकर चर्चा में रहे. लेकिन, अब राजनीति की पिच पर वो भारतीय क्रिकेट टीम की नहीं बल्कि भारतीय जनता पार्टी के एक मंझे हुए खिलाड़ी हैं.

बंगाल चुनाव में अशोक डिंडा को किस सीट पर मिली जीत?

4 मई कोबंगाल विधान सभा के 293 सीटों के नतीजे सामने आए, जिसमें भारतीय जनता पार्टी ने बंपर जीत दर्ज की. BJP ने 206 सीटों पर कब्जा जमाया, जिसमें से एक सीट उस भारतीय क्रिकेटर अशोक डिंडा के भी नाम रही. IPL करियर में 7 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करने वाले अशोक डिंडा ने पश्चिम बंगाल की मोयना सीट से 16241 वोटों से जीत दर्ज की. ये लगातार दूसरी बार है जब अशोक डिंडा ने बंगाल की इस सीट से जीत दर्ज की है.

अशोक डिंडा ने IPL से 7.63 करोड़ रुपये कैसे कमाए?

अशोक डिंडा ने 2008 से 2017 के बीच 5 टीमों से IPL खेला. 9 साल के अपने IPL करियर में उन्होंने इस भारतीय T20 लीग से कुल 7.63 करोड़ रुपये की कमाई की, जो कि 5 टीमों से मिली सैलरी का कुल योग रहा. डिंडा की आखिरी IPL सैलरी 50 लाख रुपये थी, जो कि IPL 2017 में राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स से खेलने के लिए उन्हें मिली थी. वहीं उनकी सबसे ज्यादा सैलरी IPL 2012 में थी, जब वो पुणे वॉरियर्स इंडिया का हिस्सा थे. IPL 2018 के ऑक्शन में अशोक डिंडा अनसोल्ड रहे और उसी के साथ उनके IPL करियर का भी अंत हो गया. अशोक डिंडा ने 2021 में अपने क्रिकेट करियर को अलविदा कहा.

अशोक डिंडा का IPL और टीम इंडिया के लिए किया प्रदर्शन

अशोक डिंडा ने भारतीय जनता पार्टी के लिए कमाल करने से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के लिए जलवे दिखाए हैं. उन्होंने भारत के लिए 21 इंटरनेशनल मैच खेले, जिसमें 29 विकेट अपने नाम किए. IPL में 2008 से 2017 के बीच उन्होंने 5 टीमों से 78 मैच खेले, जिसमें 69 विकेट अपने नाम किए. अशोक डिंडा ने कोलकाता नाइट राइडर्स से IPL डेब्यू किया और फिर दिल्ली कैपिटल्स, पुणे वॉरियर्स, RCB और राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स के लिए अपनी सेवाएं दी. IPL में वो पावरप्ले और डेथ ओवर्स के जबरदस्त गेंदबाज थे. IPL में उनकी इकॉनमी 8.20 की रही, जो कि बताती है कि वो कितने कंसिस्टेंट गेंदबाज थे.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.