वियतनाम के राष्ट्रपति टो लाम ने राजघाट पर महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की
Samachar Nama Hindi May 06, 2026 04:42 PM

नई दिल्ली, 6 मई (आईएएनएस)। वियतनाम के राष्ट्रपति टो लाम ने अपने भारत दौरे के दौरान बुधवार को नई दिल्ली स्थित राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बापू की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके सिद्धांतों और विचारों को नमन किया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि महात्मा गांधी के आदर्श आज भी भारत-वियतनाम संबंधों को प्रेरित करते हैं।

इससे पहले, राष्ट्रपति टो लाम को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर के साथ भव्य स्वागत दिया गया। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों ने भारत और वियतनाम के राष्ट्रीय ध्वज लहराकर मेहमान नेता का अभिनंदन किया।

राष्ट्रपति टो लाम मंगलवार को बिहार के गया पहुंचे थे, जहां बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना की। दिल्ली पहुंचने पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया।

इस दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने भी राष्ट्रपति टो लाम से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा की। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा भारत-वियतनाम संबंधों को नई दिशा और मजबूती देने वाली साबित होगी।

गौरतलब है कि इस वर्ष भारत और वियतनाम अपनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी के 10 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। इस साझेदारी की शुरुआत 2016 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वियतनाम यात्रा के दौरान हुई थी।

राष्ट्रपति टो लाम, जो वियतनाम की कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव भी हैं, 7 मई तक भारत दौरे पर रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी व्यापक वार्ता होगी, जिसमें द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी उनसे मुलाकात करेंगी।

अपने दौरे के तहत राष्ट्रपति टो लाम मुंबई भी जाएंगे, जहां वह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का दौरा करेंगे, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और राज्यपाल से मुलाकात करेंगे तथा एक बिजनेस फोरम में हिस्सा लेंगे।

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.