दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की एंटी ऑर्गनाइज्ड क्राइम यूनिट ने अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी और आतंकी मॉड्यूल से जुड़े एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 45 साल के प्रवीण कुमार उर्फ टिट्टू के रूप में हुई है, जो दक्षिण दिल्ली के कुख्यात गैंगस्टर रोहित चौधरी का करीबी बताया जा रहा है. आरोपी पर दिल्ली पुलिस ने 2 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था.
पुलिस ने उसके कब्जे से इटली निर्मित एक सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. इस मामले में अब तक कुल 14 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. इसी मामले में पुलिस पहले ही 25 विदेशी हथियार और 221 जिंदा कारतूस बरामद कर चुकी है. मामले में यूएपीए की धाराएं भी लगाई गई हैं. जांच एजेंसियों का दावा है कि पूरे नेटवर्क को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI का समर्थन हासिल था.
उगाही करता था प्रवीणपुलिस को जानकारी मिली थी कि प्रवीण कुमार गैंग के लिए विदेशी हथियारों की सप्लाई का काम कर रहा था. इसके बाद टीम ने उसे दबोच लिया. जांच में सामने आया है कि प्रवीण कुमार आया नगर और महरौली इलाके में विवादित जमीनों पर कब्जा कराने, अवैध प्लॉटिंग और उगाही जैसे कामों में भी शामिल रहा है. पुलिस के अनुसार, वह गैंगस्टर रोहित चौधरी के लिए लोगों से रंगदारी वसूलता था और गैंग के कई गैरकानूनी काम संभालता था.
प्रवीण के खिलाफ कई मामले दर्जपुलिस का कहना है कि जेल में रहने के दौरान उसकी मुलाकात इस मामले में पहले गिरफ्तार किए जा चुके आरोपी निशांत अरोड़ा से हुई थी. जमानत पर बाहर आने के बाद उसने गैंग के लिए विदेशी और अत्याधुनिक हथियार जुटाने शुरू कर दिए.
रोहित चौधरी दक्षिण दिल्ली का चर्चित अपराधी रहा है, जिस पर हत्या, रंगदारी, अवैध हथियार और संगठित अपराध के कई मामले दर्ज हैं. पुलिस के मुताबिक उसका नेटवर्क आया नगर, पुष्प विहार और अंबेडकर नगर जैसे इलाकों में सक्रिय था.
प्रवीण कुमार पर कई गंभीर मामले दर्ज हैं.