वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में आखिरकार जगह मिल ही गई. छोटी उम्र में लगातार दो आईपीएल सीजन में अपने बल्ले की धमक से छक्कों और रनों की बारिश करने के बाद वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में चुन लिया गया है. आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे के अलावा वैभव को एशियन गेम्स के लिए चुने गए भारतीय टी20 स्क्वॉड में जगह मिली है. इस तरह 15 साल की उम्र में वैभव भारतीय पुरुष टीम के लिए चुने जाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं. अब चुन तो लिए गए हैं लेकिन क्या वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में मौका मिलेगा? अगर आए भी तो किसे अपनी जगह छोड़नी पड़ेगी?
सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए मिलेगा मौका?आईपीएल 2026 में रिकॉर्ड 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीतने वाले वैभव सूर्यवंशी को जब श्रीलंका दौरे पर इंडिया-ए के स्क्वॉड में चुना गया था, तभी ये संकेत मिल गए थे कि उन्हें टी20 सीरीज के लिए भी चुना जा सकता है. शनिवार 6 जून को जब BCCI ने टीम का ऐलान किया तो इस पर मुहर भी लग गई. चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने कहा भी कि वैभव ने लगातार दूसरे आईपीएल सीजन में दमदार प्रदर्शन कर वैभव ने उन्हें सेलेक्शन के लिए मजबूर कर दिया.
अब टीम में सेलेक्शन के मामले में तो वैभव ने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. मगर जब तक डेब्यू नहीं होता तब तक वो भारत के लिए खेलने वाले सबसे युवा पुरुष क्रिकेटर का सचिन का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाएंगे. ऐसे में क्या उन्हें किसी भी मैच की प्लेइंग-11 में जगह मिल पाएगी? क्या टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाली ओपनिंग जोड़ी में से किसी को अपनी कुर्बानी देनी पड़ेगी? अगर हां तो अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन में से वो कौन होगा?

सबसे पहले तो आपको बता दें कि आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे पर कुल 7 टी20 मैच खेले जाने हैं. इसमें से 2 आयरलैंड में और 5 इंग्लैंड में खेले जाएंगे. इन दोनों सीरीज की किसी आने वाले टूर्नामेंट को लेकर बहुत ज्यादा अहमियत नहीं है. ऐसे में टीम में रोटेशन किया जाना तय है और इसलिए वैभव सूर्यवंशी को इन 7 में से किसी न किसी मैच में मौका मिलना तय ही है. मगर उनके लिए जगह खाली कौन करेगा? इसके लिए टीम में शामिल तीनों ओपनर्स के IPL 2026 के आंकड़ों पर नजर डाल लेते हैं.
वैभव ने IPL 2026 में 237 की स्ट्राइक रेट से सबसे ज्यादा 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप जीती. उन्होंने इस दौरान सबसे ज्यादा 72 छक्के भी लगाए. वहीं अभिषेक ने 563 रन का योगदान अपनी टीम के लिए किया और उनका स्ट्राइक रेट भी भी 204 का था. अभिषेक ने भी 43 छक्के जमाकर अपनी ताकत दिखाई. इन सबसे अलग संजू सैमसन ने 477 रन बनाए, जिसमें स्ट्राइक रेट 165 का और छक्के 24 ही थे.
गंभीर आजमा सकते हैं ये तरकीबऐसे में ये आंकड़े तो बताते हैं कि संजू सैमसन को वैभव के लिए जगह खाली करनी पड़ सकती है. मगर ऐसा नहीं है कि सिर्फ संजू को ही बाहर बैठना पड़ेगा बल्कि अभिषेक को भी किसी मैच में बेंच पर बैठना पड़ सकता है. ऐसा इसलिए क्योंकि इस सीरीज के जरिए कोच गौतम गंभीर वैभव के साथ दोनों ओपनर्स के कॉम्बिनेशन को आजमाना चाहेंगे ताकि ये पता चल सके कि वैभव को कैसे और किसके साथ ओपनिंग में फिट किया जाए.