लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर गर्म होने जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने का अनुमान जताया है। इसके साथ ही 9 जून से 11 जून के बीच कई जिलों में लू चलने की संभावना है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि रविवार से प्रदेश में तापमान बढ़ना शुरू होगा। मौसम शुष्क रहने के कारण तेज धूप और गर्मी का असर बढ़ेगा।
शनिवार को झांसी प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बांदा में 42.2 डिग्री, उरई और फतेहपुर में 41.4 डिग्री तथा वाराणसी में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार बुंदेलखंड और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के जिलों में गर्मी का असर अधिक रहेगा। लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है। प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क रहने की संभावना है और आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है।