IND vs AFG Test: भारत और अफगानिस्तान के बीच इकलौता टेस्ट मैच चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मैच के पहले दो दिन भारतीय टीम के नाम रहे हैं और वह मुकाबले पर पकड़ बना चुकी है. वहीं, इस टेस्ट मैच का दूसरा दिन भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा के लिए काफी भावुक और यादगार साबित हुआ. करीब 3 साल पहले टेस्ट क्रिकेट में कदम रखने वाले प्रसिद्ध कृष्णा को आखिरकार भारतीय सरजमीं पर अपना पहला टेस्ट विकेट मिल गया है.
प्रसिद्ध कृष्णा का भारतीय सरजमीं पर पहला टेस्ट विकेटयह मुकाबला प्रसिद्ध कृष्णा के टेस्ट करियर के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि वह भारतीय धरती पर अपना पहला टेस्ट मैच खेलने उतरे. घरेलू फैंस के सामने खेलते हुए उन्होंने अपनी रफ्तार और धारदार गेंदबाजी से इस पल को और भी ज्यादा यादगार बना दिया. अफगानिस्तान की पहली पारी के दौरान प्रसिद्ध कृष्णा ने अपनी गेंदबाजी का असली जलवा बिखेरा. उन्होंने विपक्षी टीम के सलामी बल्लेबाज सेदीकुल्लाह अटल को अपनी एक बेहतरीन गेंद पर पूरी तरह चकमा दे दिया.
प्रसिद्ध की यह गेंद टप्पा खाने के बाद तेजी से अंदर की तरफ आई, गेंद की रफ्तार और मूवमेंट इतना सटीक था कि बल्लेबाज सेदीकुल्लाह अटल के पास इसका कोई जवाब नहीं था. गेंद उनके डिफेंस को भेदती हुई सीधे जाकर स्टंप्स पर जा लगी. स्टंप्स बिखरते ही प्रसिद्ध कृष्णा की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और पूरी भारतीय टीम ने इस खास विकेट का जश्न मनाया. इस विकेट के साथ प्रसिद्ध कृष्णा का लंबा इंतजार भी खत्म हुआ. प्रसिद्ध ने खेल के दूसरे दिन कुल 7 ओवर फेंके और 27 रन खर्च करते हुए 2 विकेट अपने नाम किए.
प्रसिद्ध कृष्णा का टेस्ट करियरप्रसिद्ध कृष्णा के टेस्ट करियर की शुरुआत साल 2023 में हुई थी. उन्होंने इस मैच से पहले भारत के लिए कुल 6 टेस्ट मैच खेले हैं, चौंकाने वाली भारत ये भी है कि ये सभी मैच उन्होंने विदेशी सरजमीं पर खेले. इस दौरान उन्होंने 22 विकेट अपने नाम किए. वह 2 बार पारी में 4 विकेट लेने का कारनामा भी कर चुके हैं.