भारी-भरकम उपकरण से हुआ नुकसान
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGIA) पर रविवार शाम अचानक आए आंधी-तूफान ने जमकर तबाही मचाई। बिना किसी पूर्व मौसम चेतावनी के आए इस आंधी-तूफान के कारण एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। इस आंधी-तूफान के कारण भारी-भरकम ग्राउंड सपोर्ट उपकरण अपनी जगह से खिसक गए और एयर इंडिया के विमानों से जा टकराए। इससे 3 विमानों को भारी नुकसान पहुंचा है।
ALSO READ: UAE जाने वाली उड़ानों पर बड़ा संकट, Air India और Air India Express Dubai ने रद्द की दर्जनों उड़ानें
मरम्मत में लगेगा लंबा समयहालांकि उपकरण सुरक्षित तरीके से बंधे थे, लेकिन हवा का दबाव इतना अधिक था कि वे टूटकर खिसक गए। इस हादसे के बाद क्षतिग्रस्त हुए तीनों विमानों की जांच और मरम्मत के लिए उन्हें तुरंत उड़ान भरने से रोक दिया गया है। सूत्रों ने बताया कि एक विमान में काफी ज्यादा नुकसान हुआ है, जिसकी मरम्मत में लंबा समय लगेगा। वहीं अन्य 2 विमानों की मरम्मत कर उन्हें इसी हफ्ते दोबारा उड़ान के लिए तैयार किए जाने की उम्मीद है।
ALSO READ: मुंबई एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, Air India और Indigo विमान के विंग्स टकराए
Air India ने टिप्पणी से किया इनकारसिर्फ एयर इंडिया के विमान ही नहीं बल्कि अन्य विमान भी खराब मौसम की मार से प्रभावित हुए हैं, हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर अन्य एयरलाइंस के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। इस घटना पर एयर इंडिया ने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।
...तो टल सकता था हादसा
हैरानी की बात है कि इतने बड़े तूफान की कोई पूर्व चेतावनी क्यों नहीं दी गई? अगर चेतावनी मिलती तो यह हादसा टल सकता था। हादसे के बाद उड़ान नियामक संस्था डीजीसीए और सुरक्षा टीमों ने विमानों की जांच शुरू कर दी है। नुकसान की गंभीरता को देखते हुए मरम्मत के लिए अलग-अलग समय सीमा तय की गई है।
ALSO READ: 1 घंटे तक आसमान में अटकी 335 लोगों की सासें, Air India के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग
गौरतलब है कि इसी वर्ष जनवरी में एयरपोर्ट पर ही एक और ऐसी ही गंभीर लापरवाही सामने आई थी, तब घने कोहरे के बीच रनवे पर टैक्सी कर रहे एयर इंडिया के विमान के इंजन ने रनवे पर लावारिस छूटे एक बड़े कार्गो कंटेनर (सामान के डिब्बे) को अंदर खींच लिया था।
Edited By : Chetan Gour