इंग्लैंड के खिलाड़ी और उनकी कुछ आदतें देश के क्रिकेट बोर्ड के लिए आफत बनती जा रही हैं. कुछ ही महीनों पहले ऑस्ट्रेलिया में एशेज सीरीज के दौरान खिलाड़ियों की हरकतें बवाल का कारण बनी थीं, जिसमें कई स्टार खिलाड़ी जांच के दायरे में आए थे. इस बार टीम के कप्तान बेन स्टोक्स जांच के घेरे में आ गए हैं. इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने एक बयान में खुलासा किया है कि टीम के कप्तान स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन के खिलाफ नाइटक्लब की एक घटना के बाद जांच की जा रही है.
ECB ने बताया प्रोटोकॉल उल्लंघनइंग्लैंड ने रविवार 7 जून को लॉर्ड्स टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड को हरा दिया था. सिर्फ 4 दिन के अंदर ही इंग्लैंड ने ये मैच जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली थी. अब मैच जल्दी खत्म हो गया और टीम को जीत भी मिली, ऐसे में शायद इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और दूसरी पारी में 5 विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज गस एटकिंसन इसका जश्न मनाने के लिए किसी नाइटक्लब में गए, जहां वो किसी घटना में शामिल हो गए, जो अब इन दोनों के लिए आफत की वजह बन गई है.
ये घटना क्या है, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है लेकिन इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने इसे प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताया. सोमवार 8 जून की शाम ECB ने एक बयान जारी कर इसका खुलासा किया. बोर्ड ने अपने बयान में बताया कि वो स्टोक्स और एटकिंसन के खिलाफ जांच कर रही है, जो सोमवार की सुबह (7-8 जून की रात) एक घटना में शामिल थे. बोर्ड ने कहा, “ECB इस वक्त टीम प्रोटोकॉल के उल्लंघन की जांच कर रही है, जो न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मेंस टेस्ट मैच खत्म होने के बाद सामने आया है.”
स्टोक्स-एटकिंसन पर लगेगा बैन?बोर्ड ने अपने बयान में स्टोक्स और एटकिंसन को दूसरे टेस्ट मैच से बाहर करने का संकेत देते हुए कहा कि टीम का ऐलान सही समय पर किया जाएगा. ECB ने कहा, “बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन सोमवार की तड़के सुबह एक नाइटक्लब में मौजूद थे, जब वहां एक घटना सामने आई. हम फिलहाल ज्यादा जानकारी जुटा रहे हैं और दूसरे टेस्ट के लिए स्क्वॉड का ऐलान सही वक्त पर किया जाएगा. क्रिकेट रेगुलेटर को बता दिया गया है और वक्त आने पर हम ज्यादा जानकारी देंगे.”
पहले भी नाइट क्लब बवाल में फंसे स्टोक्सये कोई पहला मामला नहीं है जब बेन स्टोक्स किसी नाइटक्लब से जुड़े बवाल में फंसे हैं. इससे पहले 2017 में ब्रिस्टल के एक नाइट क्लब में उनका झगड़ा हो गया था, जिसके बाद वो क्लब के बाहर किसी शख्स को मुक्का मारते हुए नजर आए थे. आरोप थे स्टोक्स ने दो लोगों को पीटकर बेहोश कर दिया था. इस मामले में इंग्लिश ऑलराउंडर को गिरफ्तार किया गया था और कोर्ट में पेशी हुई थी. ECB ने उन्हें कुछ वक्त के लिए सस्पेंड भी किया था.