Stock Market Crash: शेयर बाजार में भूचाल, सेंसेक्स-निफ्टी क्रैश, ईरान-इजरायल जंग से दहशत में निवेशक
Navjivan Hindi June 09, 2026 07:45 AM

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच वैश्विक शेयर बाजारों में गिरावट और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के असर से सेंसेक्स और निफ्टी में सोमवार को शुरुआती कारोबार में भारी गिरावट दर्ज की गई।

प्रमुख बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लगभग 1 प्रतिशत टूटकर खुले। सेंसेक्स 800 से अधिक अंक या 1.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,421.61 पर खुला, जबकि निफ्टी 286 अंक या 1.22 प्रतिशत टूटकर 23,080.70 पर कारोबार शुरू हुआ।

शेयरों में भारी बिकवाली

सेक्टोरल स्तर पर रियल्टी, मेटल, ऑटो और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शेयरों में बिकवाली का दबाव देखने को मिला। इनमें सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई। रियल्टी शेयरों में लगभग 2 प्रतिशत की गिरावट आई जबकि मेटल, ऑटो और आईटी सूचकांक 1 प्रतिशत से अधिक फिसल गए।

निफ्टी के प्रमुख कमजोर शेयरों में विप्रो, टीसीएस, हिंदाल्को इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील, बजाज फाइनेंस और श्रीराम फाइनेंस शामिल रहे।

कमजोरी केवल प्रमुख सूचकांकों तक सीमित नहीं रही। व्यापक बाजार पर भी दबाव देखा गया और निफ्टी मिडकैप 100, मिडकैप 150 तथा स्मॉलकैप सूचकांकों में भी लगभग 1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

 हालांकि, बाजार में अस्थिरता तेज़ी से बढ़ी। इंडिया वीआईएक्स लगभग 15 प्रतिशत उछलकर 18 के आसपास पहुंच गया।

जानकारों की राय 

विश्लेषकों के अनुसार, बाजार की व्यापक तकनीकी संरचना अभी भी कमजोर बनी हुई है। निफ्टी महत्वपूर्ण मूविंग एवरेज के नीचे कारोबार कर रहा है और ‘लोअर हाई-लोअर लो’ (निम्न उच्च और निम्न निम्न) का पैटर्न बनाए हुए है, जो लगातार बिकवाली के दबाव का संकेत देता है।

उनका कहना है कि निफ्टी के लिए तत्काल समर्थन (सपोर्ट) 23,100-23,000 के दायरे में दिखाई दे रहा है, जबकि 23,500-23,700 के बीच मजबूत प्रतिरोध (रेजिस्टेंस) मौजूद है।

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर

पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण निवेशकों की धारणा कमजोर बनी रही। लेबनान पर इजरायल के नए हमलों और ईरान के कई शहरों में विस्फोटों की खबरों ने आशंका बढ़ा दी है कि संघर्ष और व्यापक हो सकता है तथा होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए होने वाली कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।

हालांकि इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि संघर्ष समाप्त करने के लिए समझौता अभी भी संभव है और उन्होंने कथित तौर पर इज़राइली नेतृत्व से तनाव को और न बढ़ाने का आग्रह किया था।

कच्चे तेल में तेजी

इस बीच, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी रही। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 4 प्रतिशत बढ़कर 96.90 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि अमेरिकी डब्ल्यूटीआई 4.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ 94.75 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

एशियाई बाजार का हाल

एशियाई बाजारों में भी व्यापक कमजोरी देखी गई। निकेई 225 लगभग 4 प्रतिशत गिर गया, कॉस्पी में 5 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज हुई, जबकि हैंगसेंग इंडेक्स करीब 1 प्रतिशत नीचे कारोबार कर रहा था।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.