US-Iran Conflict: अमेरिका ने ईरान में कई ठिकानों पर जमकर बमबारी की, इस्लामी देश ने भी बहरीन में पांचवें बेड़े के मुख्यालय को बनाया निशाना
Newsroompost-Hindi June 10, 2026 12:43 PM

तेहरान/वॉशिंगटन। ईरान और अमेरिका के बीच एक बार फिर जमकर सैन्य संघर्ष हुआ। अमेरिका ने ईरान पर होर्मुज स्ट्रेट के पास उसके एक अपाचे हेलीकॉप्टर को गिराने का आरोप लगाया और इस्लामी देश के कई सैन्य ठिकानों पर जमकर बमबारी की। ईरान की मीडिया के मुताबिक अमेरिका ने बंदर अब्बास, सीरिक, केश्म द्वीप और जास्क में कई जगह हमले किए। बदले में ईरान ने बहरीन स्थित अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े के मुख्यालय पर मिसाइलों से हमला किया। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर चेतावनी दी कि बचना है, तो अमेरिका इस इलाके से निकल जाए।

ईरान पर अमेरिका के ताजा हमलों से ठीक पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इस्लामी देश ने उनकी सेना के अपाचे हेलीकॉप्टर को मार गिराया। ईरान की तरफ से इस आरोप का खंडन किया गया। ईरान ने कहा कि उसने अमेरिका के अपाचे को नहीं गिराया है। इसके बाद ही बदले की कार्रवाई के तहत अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड ने ईरान में मिसाइल, एयर डिफेंस और अन्य ठिकानों पर जमकर बमबारी शुरू की। हालांकि, अमेरिका का ये भी कहना है कि ताजा सैन्य संघर्ष का ईरान से चल रही बातचीत पर असर न पड़ने के आसार हैं। अमेरिका के इस बयान पर अभी ईरान की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

अमेरिका और ईरान 28 मार्च से 39 दिन तक जंग लड़ चुके। ट्रंप ने ये दावा करते हुए सीजफायर किया कि अमेरिकी सेना ने ईरान की वायुसेना और नौसेना को पूरी तरह खत्म कर दिया है। ट्रंप ने ये दावा भी किया था कि अमेरिका के हमलों के बाद ईरान के पास अब 22 फीसदी मिसाइल ही बची हैं, लेकिन इसके बाद अमेरिका से हुए हर संघर्ष में ईरान ने जिस तरह मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल कर अमेरिका के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, उससे ट्रंप के दावों पर शक होता है। ट्रंप ने लगातार ये दावा भी किया कि ईरान से समझौता होने वाला है, लेकिन इस्लामी देश अपने परमाणु मुद्दे, लेबनान पर इजरायल के हमलों, 28 अरब डॉलर की फ्रीज संपत्ति वापस लेने और होर्मुज पर अपने एकाधिकार के मुद्दों पर अड़ा हुआ है।

The post US-Iran Conflict: अमेरिका ने ईरान में कई ठिकानों पर जमकर बमबारी की, इस्लामी देश ने भी बहरीन में पांचवें बेड़े के मुख्यालय को बनाया निशाना appeared first on News Room Post.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.