जयपुर। भजनलाल सरकार ने अब अजमेर में जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के निर्माण एवं अस्पताल में निर्माण व मरम्मत के लिए 240 करोड़ रुपए की मंजूरी दे दी है। सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक पर 190 करोड़ रूपए व अस्पताल उन्नयन में 50 करोड़ रूपए खर्च होंगे। ये यहां के लोगों के लिए सरकार की ओर से किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है।
भजनलाल सरकार ने इस कार्य के लिए एचएलएल लाइफ केयर लिमिटेड को वर्किंग एजेंसी नियुक्त किया है। राज्य बजट घोषणा की क्रियान्विति के लिए जेएलएन आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय, अजमेर में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार एवं आधुनिकीकरण के लिए 240.73 करोड़ रुपए की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है।
इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर अजमेर संभाग के मरीजों को एक ही परिसर में उन्नत एवं सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्हें सुपर स्पेशिलिटी सेवाओं के लिए जयपुर, दिल्ली या अहमदाबाद नहीं जाना होगा। बजट घोषणा के अंतर्गत कुल 190.73 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे, जिसमें सिविल निर्माण एवं आधुनिक उपकरण शामिल हैं। सिविल निर्माण कार्य हेतु 151.67 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
ओपीडी एवं आईपीडी सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी
सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक से न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, गैस्ट्रो सर्जरी, यूरोलॉजी, डायलिसिस, ऑन्कोलॉजी सर्जरी, एंडोक्राइनोलॉजी तथा प्लास्टिक सर्जरी सहित विभिन्न सुपर स्पेशियलिटी विभागों की ओपीडी एवं आईपीडी सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। इससे मरीजों को विभिन्न विभागों में भटकने की आवश्यकता नहीं रहेगी तथा बेहतर उपचार के लिए अन्य शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।
PC:dipr.rajasthan
अपडेट खबरों के लिए हमारावॉट्सएप चैनलफोलो करें