'ये है मोहब्बतें' फेम एक्ट्रेस अलेफिया कपाड़िया का छलका दर्द, पति ने की मारपीट, तलाक के बाद छीने दोनों बच्चे
एबीपी एंटरटेनमेंट डेस्क June 10, 2026 11:12 PM

छोटे पर्दे की जानी-मानी एक्ट्रेस अलेफिया कपाड़िया भले ही इन दिनों पर्दे से दूर हैं, लेकिन वो सोशल मीडिया पर खूब एक्टिव रहती हैं. अलेफिया अक्सर किसी न किसी कारण चर्चा में रहती हैं. अब 'जस्ट मोहब्बत', 'बड़े अच्छे लगते हैं 2' और 'ये है मोहब्बतें' जैसे टीवी सीरियल्स में काम कर चुकीं अलेफिया कपाड़िया अपने एक इंटरव्यू को लेकर सुर्खियों में हैं. उन्होंने अपनी दर्द भरी कहानी सुनाई है. चलिए जानते हैं उन्होंने क्या कहा.

स‍िख लड़के से प्यार करती थीं अलेफिया कपाड़िया 
सिद्धार्थ कनन को दिए इंटरव्यू में अलेफिया ने अपनी शादी में झेले गए मेंटल अब्यूज और मारपीट को लेकर खुलकर बात की. अलेफिया ने बताया कि जब वो 18 साल की थीं, तब उन्हें एक स‍िख लड़के से प्यार हो गया था, लेकिन दोनों के फैमिली मेंबर्स इस रिश्ते के खिलाफ थे. अलेफिया ने कहा, 'ये रिश्ता धर्म की वजह से नहीं टूटा था. मेरे पेरेंट्स धर्म को लेकर लिबरल हैं. उनका ईगो हर्ट हो गया था, जो रिश्ता टूटने की वजह बना. लड़के के पिता मध्य प्रदेश में पावरफुल पर्सन थे. उन्होंने लैंडलाइन पर मेरे पापा को फोन कर ऐसी बातें बोलीं कि कोई भी गुस्से से पागल हो जाए.'

पिता ने मारा जोरदार थप्पड़
एक्ट्रेस ने आगे कहा, 'लड़के पिता ने कहा कि आपकी बेटी मेरे बेटे के घर पर पड़ी रहती है. आपको पता है इनका कितने महीनों से अफेयर है? आपकी बेटी के लिए मेरे घर में कोई जगह नहीं है. अपनी बेटी को समझा दो, वरना अच्छा नहीं होगा. ये सुनने के बाद मेरे पापा ने मुझे नींद में जोर का थप्पड़ मारा था. वो मेरी जिंदगी का सबसे जोरदार थप्पड़ था. मेरे पिता टूट चुके थे. मुझे लड़कों से बात करना अलाउड नहीं था.'

21 साल की उम्र में हुई शादी
अलेफिया ने बताया कि इस घटना के बाद उनके पिता ने 21 साल की उम्र में उनकी शादी करा दी. अलेफिया का दुबई के शख्स से उनका निकाह हुआ था, जो उम्र में उनसे करीब 11 साल बड़ा था, लेकिन अब उनका तलाक हो चुका है. अलेफिया की शादी ट्रॉमा से कम नहीं थी. वो फिजीकली और इमोशनली अब्यूज हुई थीं. उनके दो बच्चे हैं, जो कि उनसे एक्स हसबैंड ने छीन लिए हैं. एक्ट्रेस ने सालों तक रिश्ता बचाने की कोशिश की. 

अलेफिया कपाड़िया ने क्या कहा?
अलेफिया ने कहा, 'मेरा ससुराल दुबई में था और वहां मेड नहीं थी. वहां घर का सारा काम खुद ही करना पड़ता था. झाड़ू-पोछा से लेकर बर्तन, खाना वाना सब खुद से करना पड़ता था. ससुराल में खूब ताने दिए जाते थे और फैमिली प्रेशर की वजह से बच्चा करना पड़ा. हसबैंड भद्दी बातें सुनाते, फिजिकली असॉल्ट करते और कोई भी चीज उठाकर फेंककर मारते थे.'

 सपना चौधरी के पति कौन हैं? हरियाणवी डांसर संग मारपीट के आरोप, बिना प्यार निभ रही शादी

अलेफिया कपाड़िया के साथ की मारपीट
अलेफिया काम करना चाहती थीं और जब एक दिन उन्होंने अपने पति से पार्ट टाइम जॉब करने की बात कही तो उन्होंने एक्ट्रेस को खूब पीटा. तभी अलेफिया ने तय कर लिया था कि अब वो इस शादी में नहीं रह सकती हैं. उन्होंने बताया कि पति ने उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया था और उन्हें इंडिया नहीं जाने दिया. इतना ही नहीं, इस दौरान अलेफिया से बच्चों को अलग करने की धमकी दी गई. आखिरकार वो किसी तरह इंडियन एंबेसी पहुंचीं, वहीं मेडिकल कराया और पुलिस थाने गईं. इसके बाद पति ने उनपर कैरक्टर खराब होने का भी आरोप लगाया. 

पति ने छीने दोनों बच्चे
अलेफिया ने कहा, 'वो मेरी 7 साल की बेटी को लेकर भाग रहा था, मैंने किसी तरह से बेटे को अपने पास खींचा. पुलिस केस हुआ. बेटी ने मेरे नाम एक लेटर लिखा कि मेरी मां मुझे दारू पिलाती है, जलाती है, मारती है, मेरी मां का अफेयर चल रहा है. उसने मेरी बेटी को भड़काया है. जबरन उससे मेरे खिलाफ लेटर लिखवाया. मैं जानती थी कि ये सब मेरे हसबैंड का किया हुआ है. अगले दिन ही मैंने तलाक की अर्जी फाइल की और इसके बाद 12 साल हमारा केस चला. हांलांकि, मुझे बेटी की कस्टडी नहीं मिली और कुछ सालों बाद मैं डिप्रेशन में चली गई. पैसों की काफी तंगी थी और मेरा बेटा पिता की लैविश लाइफ को देखकर इंफ्लुएंस हो रहा था. आखिरकार थक हारकर मैंने बेटे की कस्टडी भी हसबैंड को दे दी.'

बच्चों के लिए तड़पती हैं एक्ट्रेस
अलेफिया ने बताया कि दोनों बच्चे उनके एक्स-हसबैंड के साथ रहते हैं और उनसे कोई बातचीत नहीं करते. उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं पता कि मेरे बच्चे कहां और किस हाल में हैं, क्योंकि बरसों से मैंने अपने बच्चों को नहीं देखा है. एक मां होने के नाते मैं हमेशा उनकी याद में तड़पती हूं.'

अलेफिया इन सीरियलों में आ चुकी हैं नजर
बता दें कि अलेफिया ने 'जस्ट मोहब्बत', 'सीआईडी', 'दामन', 'प्यार का दर्द है मीठा मीठा प्यारा प्यारा', 'हमारी बहन दीदी', 'मेरे रंग में रंगने वाली', 'सावधान भारत' और 'ये है मोहब्बतें' जैसे कई शोज में काम किया है. वो आखिरी बार 'बड़े अच्छे लगते हैं 2' में नजर आई थीं.

:- Alpha Teaser: 'अल्फा' का धांसू टीजर रिलीज, 34वीं मंजिल पर आलिया भट्ट ने खेला खूनी खेल, बॉबी देओल भी छाए

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.