वैभव सूर्यवंशी का फिर होगा अपने सबसे बड़े 'दुश्मन' से सामना! पाकिस्तान ने टीम में चुना
TV9 Bharatvarsh June 11, 2026 03:44 AM

Vaibhav Sooryavanshi vs Ali Raza: जापान में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स (Asian Games) के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. इस साल 19 सितंबर से 3 अक्टूबर तक खेले जाने वाले इस बड़े टूर्नामेंट के लिए स्टार बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को पाकिस्तान टीम की कप्तानी सौंपी गई है. इस टीम में कई युवा चेहरों को मौका दिया गया है, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा एक ऐसे तेज गेंदबाज की हो रही है जो भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी काफी परेशान करता है.

वैभव सूर्यवंशी का अपने सबसे बड़े ‘दुश्मन’ से सामना

पाकिस्तान की इस टीम में चार नए खिलाड़ियों को नेशनल टीम के लिए पहला बुलावा मिला है, जिनमें सबसे अहम नाम घातक तेज गेंदबाज अली रजा का है. दाएं हाथ के इस रफ्तार के सौदागर ने पिछले दो सीजन से पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में अपनी सटीक गेंदबाजी से तहलका मचाया हुआ है. अली रजा का भारतीय क्रिकेट फैंस और खास तौर पर वैभव सूर्यवंशी से एक पुराना और गहरा नाता है.

अली रजा वही गेंदबाज हैं जिन्होंने पिछले साल अंडर-19 एशिया कप के दौरान भारतीय बल्लेबाजों की नाक में दम कर दिया था. वो वैभव सूर्यवंशी को एक या दो बार नहीं, बल्कि अलग-अलग मुकाबलों में तीन बार अपना शिकार बना चुके हैं. पिछले अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भी अली रजा ने सिर्फ 42 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे, जिसकी बदौलत पाकिस्तान ने भारत को हराकर खिताब जीता था. इस मैच में भी वैभव सूर्यवंशी अली रजा का शिकार बने थे. अब एशियन गेम्स के मंच पर इन दोनों युवा खिलाड़ियों का आमना-सामना होना लगभग तय है.

एशिया कप फाइनल में हुई थी लड़ाई

21 दिसंबर 2025 को अंडर-19 एशिया कप का फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया था. इस मैच में वैभव सूर्यवंशी 10 गेंद में 26 रन बनाकर आउट हो गए थे. ये विकेट अली रेजा ने हासिल किया था, लेकिन वैभव जब पवेलियन की ओर जा रहे थे, तभी गेंदबाज विकेट लेने के बाद कुछ ज्यादा ही जोश दिखा रहे थे. जिसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने गुस्से में पाकिस्तानी खिलाड़ी की ओर इशारा करते हुए कहा था कि वो उनकी जूते की धूल बराबर हैं. ऐसे में इन दोनों ही अगर एक बार फिर टक्कर देखने को मिलती है तो मुकाबले का रोमांचक और बढ़ सकता है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.