Pancharatra Vrat 2026: परम एकादशी से अमावस्या तक, सुख-समृद्धि के लिए ऐसे रखें पंचरात्र व्रत
TV9 Bharatvarsh June 11, 2026 12:43 PM

Pancharatra Vrat 2026 Dates: हिंदू धर्म में अधिकमास का विशेष महत्व बताया गया है. इस दौरान किए गए व्रत, जप, तप और दान का फल कई गुना बढ़कर मिलता है. अधिकमास की परम एकादशी से शुरू होने वाला पंचरात्र व्रत भी ऐसा ही एक बहुत ही पुण्यदायी व्रत माना जाता है. यह पांच दिनों तक चलने वाला विशेष व्रत है, जिसकी शुरुआत परम एकादशी से होती है और समापन अमावस्या तिथि पर होता है.

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जो व्यक्ति श्रद्धा और नियमपूर्वक पंचरात्र व्रत करता है, उसके जीवन की आर्थिक परेशानियां दूर होने लगती हैं और सुख-समृद्धि का मार्ग खुलता है. स्कंद पुराण के अनुसार, भगवान कुबेर ने भी इसी व्रत के प्रभाव से देवताओं के कोषाध्यक्ष का पद मिला था. अगर आप भी जीवन से आर्थिक तंगी, कर्ज और दरिद्रता को हमेशा के लिए मिटाना चाहते हैं, तो आज से इस महाव्रत की शुरुआत कर सकते हैं.

क्या है पंचरात्र व्रत?

पंचरात्र शब्द का अर्थ है पांच रात्रियों या पांच दिनों तक किया जाने वाला व्रत. यह व्रत परम एकादशी से शुरू होकर द्वादशी, त्रयोदशी, चतुर्दशी और अमावस्या तक चलता है. इन पांच दिनों में भगवान विष्णु की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है और सात्विक जीवन का पालन किया जाता है. शास्त्रों में इसे दरिद्रता दूर करने वाला और मनोकामनाएं पूर्ण करने वाला व्रत बताया गया है. माना जाता है कि इस व्रत को करने से व्यक्ति को भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है और जीवन में आने वाली बाधाएं कम होती हैं.

पंचरात्र व्रत 2026 की तिथियां
  • पहला दिन (परम एकादशी): 11 जून 2026, गुरुवार
  • दूसरा दिन (द्वादशी): 12 जून 2026, शुक्रवार
  • तीसरा दिन (त्रयोदशी): 13 जून 2026, शनिवार
  • चौथा दिन (चतुर्दशी): 14 जून 2026, रविवार
  • पांचवां दिन (अमावस्या): 15 जून 2026, सोमवार

इन पांच दिनों तक भगवान विष्णु का ध्यान, मंत्र जाप और पूजा करना विशेष फलदायी माना जाता है.

पंचरात्र व्रत की पूजा विधि

पंचरात्र व्रत के दौरान हर दिन सुबह ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान करना चाहिए और साफ कपड़े पहनने चाहिए. इसके बाद भगवान विष्णु की प्रतिमा या चित्र के सामने दीपक जलाकर पूजा करें. भगवान विष्णु को पीले फूल, तुलसी दल, पंचामृत और फल अर्पित करें. ओम नमो भगवते वासुदेवाय मंत्र का जाप करना शुभ माना जाता है. इन पांच दिनों में शाकाहारी भोजन करें और क्रोध, झूठ तथा नकारात्मक विचारों से दूर रहें. व्रत के आखिरी दिन यानी अमावस्या को जरूरतमंद लोगों को अन्न, वस्त्र या धन का दान करना भी शुभ माना गया है.

पंचरात्र व्रत का धार्मिक महत्व

पौराणिक ग्रंथों के अनुसार पंचरात्र व्रत का संबंध भगवान विष्णु की आराधना से है. स्कंद पुराण में वर्णन मिलता है कि भगवान कुबेर ने इसी व्रत का पालन करके धनपति और देवताओं के कोषाध्यक्ष का पद प्राप्त किया था. इसी कारण यह व्रत धन, वैभव और समृद्धि प्रदान करने वाला माना जाता है. धार्मिक मान्यता है कि पंचरात्र व्रत करने से व्यक्ति के संचित पापों का क्षय होता है और उसे पुण्य की प्राप्ति होती है. साथ ही घर-परिवार में सुख, शांति और आर्थिक स्थिरता आने का आशीर्वाद मिलता है.

ये भी पढ़ें: क्या दरवाजे के बाहर पारिजात का पौधा लगाना शुभ या अशुभ? जानें पौराणिक मान्यताएं

Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.