Dinyar Tirandaz Death: नहीं रहे जुबान संभाल के फेम एक्टर दिनयार तीरंदाज, 69 साल की उम्र में मुंबई में ली आखिरी सांसम
TV9 Bharatvarsh June 12, 2026 10:42 AM

Dinyar Tirandaz Passed Away: 90 के दशक के मशहूर एक्टर दिनयार तीरंदाज का मुंबई में निधन हो गया है. वो 69 साल के थे. दिनयार तीरंदाज ने मुंबई स्थित अपने घर में गुरुवार को अंतिम सांस ली. अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और स्क्रीन पर पारसी किरदारों को जीवंत करने के लिए मशहूर दिनयार तीरंदाज के निधन की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए सामने आई है. उनके जाने से बॉलीवुड और टेलीविजन इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है. तमाम फैंस और मनोरंजन जगत की हस्तियां इस दिग्गज कलाकार को नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रही हैं.

सोशल मीडिया पेज पारसी ज़ोरोस्ट्रियन वर्ल्डवाइड – हैदराबाद पर उनके निधन की जानकारी शेयर करते हुए लिखा गया कि रुस्तम तीरंदाज के भाई मिस्टर दिनयार तीरंदाज अब हमारे बीच नहीं रहे और उनका स्वर्गवास हो गया है. मुंबई के वाडिया बंगली में दोपहर 3:45 बजे उन्हें अंतिम विदाई दी गई. सरोश यजद नी पनाह. अशेम वोहू. इस खबर के इंटरनेट पर वायरल होते ही इंस्टाग्राम के कई मशहूर 90s नॉस्टेल्जिया पेजों ने इसे शेयर किया. हालांकि, उनके निधन की सटीक वजह या बीमारी को लेकर अभी तक परिवार की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

चित्रांगदा सिंह और सुरेश मेनन ने जताया दुख

जैसे ही दिनयार तीरंदाज के निधन की खबर के बाद सेलिब्रिटीज ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करना शुरू कर दिया. मशहूर एक्टर और कॉमेडियन सुरेश मेनन ने पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, “ओम शांति.” वहीं बॉलीवुड एक्ट्रेस चित्रांगदा सिंह ने हाथ जोड़ने वाली इमोजी शेयर कर इस वरिष्ठ कलाकार को ट्रिब्यूट दिया.

‘जुबान संभाल के’ का वो केकी दारूवाला, जिसने देश को हंसना सिखाया

दिनयार तीरंदाज भले ही फिल्मों में मुख्य भूमिकाओं में नजर नहीं आते थे, लेकिन एक ‘कैरेक्टर आर्टिस्ट’ के तौर पर उनका रूतबा बेहद बड़ा था. उनके करियर का सबसे बड़ा मील का पत्थर साबित हुआ 90 के दशक का सुपरहिट सिटकॉम शो ‘जुबान संभाल के’. इस शो में उन्होंने ‘मिस्टर केकी दारूवाला’ का जो मजेदार किरदार निभाया, उसने भारतीय दर्शकों के दिलों पर एक कभी न मिटने वाली छाप छोड़ी. उनकी संवाद अदायगी और ठेठ पारसी लहजे में हिंदी बोलना लोगों को लोटपोट कर देता था. इसके अलावा उन्होंने दूरदर्शन के कल्ट शोज ‘नुक्कड़’ और जासूसी सीरीज ‘ब्योमकेश बख्शी’ में भी अहम भूमिकाएं निभाई थीं.

शाहरुख और सलमान की फिल्मों में भी बिखेरा अपनी अदाकारी का जलवा

टेलीविजन के साथ-साथ दिनयार तीरंदाज ने बड़े पर्दे पर भी लंबी पारी खेली. साल 1984 में रमेश तलवार के निर्देशन में बनी एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘दुनिया’ से दिलीप कुमार और ऋषि कपूर जैसे दिग्गजों के साथ उन्होंने डेब्यू किया था. इसके बाद वो बॉलीवुड की कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों का हिस्सा रहे:

  • चलते चलते: शाहरुख खान और रानी मुखर्जी की इस फिल्म में उन्होंने ‘रुस्तम’ नाम का बेहद प्यारा किरदार निभाया था.
  • हैलो ब्रदर: सलमान खान और अरबाज खान की इस कॉमेडी फिल्म में भी उनकी मौजूदगी को काफी पसंद किया गया था.
  • मैंने प्यार क्यों किया?: इस फिल्म में भी उन्होंने अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को प्रभावित किया.

इसके अलावा उन्होंने ‘दिल है के मानता नहीं’, ‘क्या कहना’, ‘अलबेला’, ‘दरार’ और ‘कमाल धमाल मालामाल’ जैसी कई प्रसिद्ध हिंदी फिल्मों में काम किया। साल 2017 में आई गुजराती पारिवारिक ड्रामा फिल्म ‘व्हाट्स अप! जिंदगी’ में भी उनकी एक्टिंग देखने को मिली थी.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.