पेट्रोल-डीजल के नए रेट जारी, अमेरिका के एक फैसले से सस्ता हुआ कच्चा तेल, चेक कर लें अपने शहर का भाव
TV9 Bharatvarsh June 12, 2026 11:43 AM

ईरान के खिलाफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक बड़े फैसले ने अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार की तस्वीर बदल दी है. अमेरिका ने ईरान पर होने वाली संभावित सैन्य स्ट्राइक को रद्द करने की घोषणा की है. इस भू-राजनीतिक राहत का सीधा असर कच्चे तेल की कीमतों पर दिखा और वैश्विक बाजार में क्रूड ऑयल के दाम करीब डेढ़ फीसदी तक लुढ़क गए हैं. अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई इस बड़ी गिरावट के बावजूद देश की सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के खुदरा दामों में कोई बदलाव नहीं किया है. आम आदमी को आज भी अपने वाहन का टैंक फुल कराने के लिए कल जितनी ही कीमत चुकानी होगी.

क्रूड ऑयल हुआ सस्ता

कच्चे तेल के भाव में शुक्रवार सुबह से ही सुस्ती का रुख देखने को मिल रहा है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में मानक ब्रेंट क्रूड 1.49 फीसदी (1.35 डॉलर) टूटकर 89.03 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया है. इसी तर्ज पर डब्ल्यूटीआई (WTI) क्रूड भी 1.61 फीसदी की गिरावट के साथ 86.30 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है. आपको बता दें कि ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से कच्चे तेल की कीमतों में लगभग 50 फीसदी का भारी उछाल आ चुका था.

तेल कंपनियों को हो रहा करोड़ों रुपये का घाटा

कच्चे तेल में आई इस ताजा नरमी के बाद भी दाम न घटने के पीछे एक बड़ा आर्थिक गणित काम कर रहा है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चा तेल महंगा रहने की वजह से सरकारी तेल कंपनियों के मार्जिन पर गहरा असर पड़ा है. एक अनुमान के मुताबिक, पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (जेट फ्यूल) की मौजूदा बिक्री पर तेल कंपनियों को हर दिन तकरीबन 750 करोड़ रुपये का भारी-भरकम घाटा सहना पड़ रहा है. बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक कंपनियों का यह पिछला नुकसान कम नहीं होता, तब तक पेट्रोल पंप पर उपभोक्ताओं को सीधे तौर पर सस्ता तेल मिलने की गुंजाइश काफी कम है.

घर से निकलने से पहले चेक करें अपने शहर का रेट

देशभर में आज भी पुरानी कीमतें ही लागू रहेंगी. राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर जबकि डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर के भाव पर बिक रहा है. देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल के दाम 111.21 रुपये और डीजल के दाम 97.83 रुपये प्रति लीटर बने हुए हैं.

शहर पेट्रोल का भाव (रुपये/लीटर) डीजल का भाव (रुपये/लीटर)
दिल्ली 102.12 95.20
कोलकाता 113.51 99.82
मुंबई 111.21 97.83
चेन्नई 107.77 99.55
नोएडा 102.12 97.56
चंडीगढ़ 101.51 89.47
लखनऊ 101.89 95.36
पटना 113.37 99.36
रांची 105.26 100.49
भोपाल 114.57 99.64

SMS से पता कर सकते हैं ताजा रेट

अगर आप इंडियन ऑयल (IOC) का तेल भरवाते हैं , तो अपने मोबाइल से RSP टाइप करें और इसे 9224992249 पर मैसेज कर दें. वहीं भारत पेट्रोलियम (BPCL) के ग्राहक 9223112222 नंबर पर, जबकि हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के ग्राहक 9222201122 पर HPPRICE लिखकर अपना मैसेज भेज सकते हैं. मैसेज के साथ आपको अपने शहर का कोड भी डालना होगा, जो तेल कंपनियों की आधिकारिक वेबसाइट पर आसानी से उपलब्ध है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.