कैंची धाम स्थापना दिवस: 13 से 16 जून तक ट्रैफिक प्लान लागू, घर से निकलने से पहले जान लें रूट
TV9 Bharatvarsh June 12, 2026 10:43 PM

Kainchi Dham Foundation Day Traffic Plan: उत्तराखंड के नैनीताल में भवाली-अल्मोड़ा मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है. इस आश्रम की स्थापना महान संत बाबा नीम करौली महाराज ने वर्ष 1964 में की थी. हर वर्ष 15 जून को कैंची धाम का स्थापना दिवस बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है. इस अवसर पर देश ही नहीं, बल्कि अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा और अन्य देशों से भी हजारों श्रद्धालु बाबा के दर्शन और आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं. इस बार 13 जून से 16 जून तक कैंची धाम स्थापना दिवस एवं मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने ट्रैफिक प्लान जारी किया है. यह प्लान विभिन्न जिलों, राज्यों और मार्गों से आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों, बसों, टैक्सियों, दोपहिया वाहनों और भारी माल वाहनों के लिए है.

बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था

देहरादून, हरिद्वार, दिल्ली-NCR, मुरादाबाद और अन्य बाहरी क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को न्यागांव तिराहा, लामाचौड़, शीतल होटल तिराहा, गोलापार, काठगोदाम आदि मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा. इन वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कर शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम भेजा जाएगा.

नैनीताल के विभिन्न क्षेत्रों से आने वालों के लिए व्यवस्था
  • रामनगर, कालाढूंगी और न्यागांव क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं को आरटीओ रोड तिराहा और भीमताल मार्ग की ओर मोड़ा जाएगा.
  • लालकुआं और बरेली रोड से आने वाले वाहनों को गोलापार और काठगोदाम की ओर भेजा जाएगा.
  • नैनीताल, ज्योलीकोट, घोड़ा खाल और मुक्तेश्वर क्षेत्र से आने वाले वाहनों को मेट्रोपोलियम पार्किंग, भवाली आदि स्थानों पर पार्क कराया जाएगा.
अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से आने वाले पर्यटक

अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से आने वाले वाहनों को खैरना पार्किंग में पार्क कर शटल सेवा से कैंची धाम भेजा जाएगा. हल्द्वानी की ओर आने वाले वाहनों को भीमताल, खुटानी बैंड और नथुवाखान मार्ग से भेजा जाएगा.

भारी माल वाहनों पर प्रतिबंध

13 जून रात 11 बजे से 14 जून सुबह 6 बजे तक और 14 जून सुबह 11 बजे से 16 जून रात 11 बजे तक भारी माल वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा. आवश्यक सेवाओं वाले वाहन सीमित समय में अनुमति लेकर चल सकेंगे.

बसों का रूट क्या होगा?

13 जून को रोडवेज बसों का संचालन सामान्य रहेगा. 14 जून दोपहर 2 बजे से 16 जून दोपहर 12 बजे तक भारी भीड़ होने पर बसों को खुटानी बैंड, कवांरब या अन्य वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा. 13 जून रात 8 बजे से 16 जून शाम 4 बजे तक सभी टैक्सी, बाइक और दोपहिया वाहनों को निर्धारित डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था के अनुसार चलना होगा.

शटल सेवा के प्रमुख स्थान

नैनीताल प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निम्न स्थानों से शटल सेवा उपलब्ध कराई है…

  • मेट्रोपोलियम पार्किंग, भवाली.
  • जौनलता बैरियर, भवाली.
  • विकास भवन पार्किंग, भीमताल.
  • खैरना.
  • पंचाचूली ढाबा.
  • तल्लीताल टैक्सी स्टैंड.
  • नगर निगम इंटर कॉलेज, काठगोदाम.
  • रेलवे स्टेशन, काठगोदाम
  • रोडवेज बस स्टेशन, हल्द्वानी.
  • प्रस्तावित आईएसबीटी पार्किंग, गोलापार.
यात्रियों से सहयोग की अपील

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रैफिक नियमों का पालन करें, वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा करें और शटल सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करें. प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों का सहयोग सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण होगा.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.