Solapur News: महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के बार्शी तहसील स्थित हत्तीस गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक स्कूल प्रधानाध्यापक ने कथित रूप से अपनी पत्नी और दो बच्चों को जहर देने के बाद खुद आत्महत्या कर ली. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार,मृतक प्रधानाध्यापक की पहचान योगेश बालासाहेब पाटील के रूप में हुई है, जो नंदुरबार जिले के तळोदा तालुका के चौगांव क्षेत्र में कार्यरत थे. परिवार में उनकी पत्नी माधुरी पाटील और दो बेटे अथर्व पाटील और सेवांश पाटील शामिल थे. चारों की एक साथ मौत से इलाके में गम का माहौल है.गुरुवार सुबह जब दूध सप्लाई करने वाला व्यक्ति घर पहुंचा और काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला, तो उसे संदेह हुआ.
बंद घर में मिली लाशेंइसके बाद आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया. घर के अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए. सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच में पुलिस को 22 पन्नों का एक कथित सुसाइड नोट मिला है. सूत्रों के अनुसार, इसमें शेयर बाजार में हुए भारी आर्थिक नुकसान का उल्लेख होने की बात सामने आ रही है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक सुसाइड नोट की सामग्री की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गयाघटना की जानकारी मिलते ही पुलिस निरीक्षक कुंदन गावडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का पंचनामा किया. चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. सुसाइड नोट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई. फिलहाल पूरे क्षेत्र में इस घटना की काफी चर्चा है.
लोग यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक शिक्षित और प्रतिष्ठित परिवार पर ऐसा संकट कैसे आया. पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी.