एलन मस्क का नया कीर्तिमान! अकेले ही अगले 4 रईसों की कुल दौलत को पछाड़ा
TV9 Bharatvarsh June 13, 2026 06:43 PM

स्पेसएक्स ने एलन मस्क को दुनिया का पहला खरबपति बना दिया है. वह वर्ल्ड के पहले ट्रिलेनियर बन गए हैं. ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, मस्क की नेट वर्थ अब 1.11 ट्रिलियन डॉलर है जो अगले चार अरबपतियों की कुल संपत्ति से भी ज्यादा है. Larry Page, Sergey Brin, Jeff Bezos और Larry Ellison इन चारों की कुल नेट वर्थ 1.089 ट्रिलियन डॉलर है, जबकि अकेले Elon Musk की संपत्ति 1.11 ट्रिलियन डॉलर है.

हफ्तों के इंतजार और अटकलों के बाद स्पेसएक्स की शानदार शुरुआत हुई, क्योंकि दुनिया भर के निवेशकों को आखिरकार कंपनी के शेयर में ट्रेड करने का पहला मौका मिला. स्पेसएक्स के शेयर अपने पहले सेशन में 19% ऊपर बंद हुए, जिससेमस्क की संपत्ति रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई. SpaceX अब अमेरिका में लिस्टेड छठी सबसे मूल्यवान कंपनी है, जिसकी मार्केट वैल्यू 2.1 ट्रिलियन डॉलर है. शेयरों की ट्रेडिंग 150 डॉलर पर शुरू हुई, जो 135 डॉलर के IPO प्राइस से 11% ज्यादा थी, और सेशन के अंत में यह 160.95 डॉलर पर बंद हुई.

एलन मस्क का सफर

मस्क को पहली बार 2012 में अरबपति के तौर पर पहचाना गया था, जब उनकी संपत्ति का अनुमान 2.4 बिलियन डॉलर लगाया गया था. उनकी नेट वर्थ 2019 में बढ़कर 20 बिलियन डॉलर हो गई और अगले साल Tesla के स्टॉक स्प्लिट के बाद इसमें जबरदस्त उछाल आया. इस तेजी ने मस्क को दुनिया के चुनिंदा 100 बिलियन डॉलर से ज्यादा संपत्ति वाले लोगों की सूची में पहुंचा दिया.

इसके बाद के छह सालों में, मस्क की संपत्ति लगभग दस गुना बढ़ गई. दौलत बनाने की उनकी रफ्तार इतनी तेज रही है कि दुनिया के कई बड़े अरबपति भी इसके आसपास नहीं हैं. इनमें Bill Gates और Bernard Arnault जैसे नाम शामिल हैं. मस्क सबसे पहले टेस्ला और स्पेसएक्स की वजह से मशहूर हुए और फिर 2022 में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर को 44 अरब डॉलर में खरीदकर अपना दायरा और बढ़ाया. दक्षिण अफ्रीका के Pretoria में जन्मे मस्क बाद में अमेरिका चले गए और University of Pennsylvania से 1997 में ग्रेजुएशन किया.

SpaceX IPO की शुरुआत

IPO में 75 अरब डॉलर जुटाने के बाद स्पेसएक्स के शेयर SPCX टिकर के तहत 150 डॉलर पर खुले. शेयर ने दिन के दौरान 176.52 डॉलर का हाई लेवल छुआ और आखिर में करीब 161 डॉलर पर बंद हुआ. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सेशन के दौरान 50 करोड़ से ज्यादा शेयरों का लेन-देन हुआ, जो 2012 में Facebook के पहले दिन के ट्रेडिंग वॉल्यूम के करीब था.

निवेशकों के जबरदस्त उत्साह के बावजूद, स्पेसएक्स अभी भी घाटे में चल रही है. कंपनी ने 2025 के लिए 18.67 अरब डॉलर का रेवेन्यू और 4.94 अरब डॉलर का नेट लॉस बताया है. निवेशकों का भरोसा कंपनी की मौजूदा कमाई से ज्यादा सैटेलाइट ब्रॉडबैंड, लॉन्च सर्विसेज, डिफेंस कॉन्ट्रैक्ट्स और AI से जुड़े बिजनेस की भविष्य की ग्रोथ पर टिका है.

यह भी पढ़ें- इतनी दौलत के मालिक हैं एलन मस्क, अगर दुनिया के हर शख्स को 8,000 रुपए भी बांटें तो बने रहेंगे नंबर-1

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.