कोलकाता। टीएमसी की प्रमुख ममता बनर्जी ने सीएम शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ नया पैंतरा चला है। ममता बनर्जी ने कोलकाता की भवानीपुर विधानसभा सीट के नतीजे के खिलाफ मंगलवार को कलकत्ता हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की। ममता बनर्जी टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन, डोला सेन और कल्याण बनर्जी के साथ कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंचीं और वहां याचिका और संबंधित कागजात पर दस्तखत किए। भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी ने पराजित किया था।
शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर विधानसभा सीट पर ममता बनर्जी को 15104 वोट से हराया था। ममता बनर्जी ने वोटों की गिनती के अंतिम चरण में काउंटिंग सेंटर पहुंचकर आरोप लगाया था कि उनको गलत तरीका अपनाकर हराया जा रहा है। ममता का कहना था कि आखिरी राउंड से पहले तक वो शुभेंदु अधिकारी से काफी आगे चल रही थीं, लेकिन वोटों की गिनती से जुड़े अफसरों ने बाद में गड़बड़ी कर शुभेंदु अधिकारी के पक्ष में वोट गिनवा दिए। माना जा रहा है कि कलकत्ता हाईकोर्ट में यही दलील ममता बनर्जी के वकील रखेंगे।
ममता बनर्जी को शुभेंदु अधिकारी ने पहली बार नहीं हराया है। इससे पहले साल 2021 में भी शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर ममता बनर्जी को करीब 1900 वोट से हराया था। उस वक्त भी ममता बनर्जी ने आरोप लगाया था कि वोटों की गिनती के दौरान बिजली गुल कर उनको हराया गया। हालांकि, उन्होंने तब अपनी पराजय के खिलाफ न तो चुनाव आयोग में दस्तक दी थी और न ही हाईकोर्ट गई थीं। उस हार के बाद भवानीपुर से उस वक्त जीते टीएमसी विधायक शोभनदेव चटर्जी ने सीट खाली की थी। जिसके बाद उप चुनाव में ममता बनर्जी भवानीपुर से विधायक चुनी गई थीं। इस बार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम के साथ ही भवानीपुर सीट से भी पर्चा दाखिल किया था। शुभेंदु अधिकारी ने एलान किया था कि वो नंदीग्राम की तरह भवानीपुर में भी ममता को हराएंगे और ऐसा उन्होंने कर दिखाया।
The post Mamata Challenge Suvendu: शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ ममता बनर्जी का नया पैंतरा, इस मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट में दाखिल की याचिका appeared first on News Room Post.