1 बार देखते ही गायब हो जाएगा मैसेज! WhatsApp पर आने वाला है ये कमाल का फीचर
TV9 Bharatvarsh June 16, 2026 08:43 PM

WhatsApp पर यूजर्स के बेहतर एक्सपीरियंस के लिए हर कुछ समय बाद नए फीचर को ऐप में जोड़ दिया जाता है. अब पता चला है कि कंपनी View Once फोटो और वीडियो के बाद अब मैसेज के लिए भी व्यू वन्स फीचर पर काम कर रही है. इस फीचर के आने के बाद मैसेज एक बार देखने के बाद खुद-ब-खुद गायब हो जाएगा, ये फीचर फिलहाल डेवलपेमेंट में है और जल्द इस फीचर को पेश किया जा सकता है.

व्हाट्सऐप डेवलपमेंट पर नजर रखने वाली साइट WabetaInfo के मुताबिक, एंड्रॉयड और iOS दोनों के लिए बीटा वर्जन में इस फीचर के संकेत मिले हैं. हालांकि, ये फीचर अभी टेस्टिंग के लिए उपलब्ध नहीं है. रिपोर्ट में इस बात का जिक्र किया गया है कि कंपनी यूजर्स को सेंसेटिव जानकारी शेयर करते वक्त ज्यादा बेहतर कंट्रोल देना चाहती है.

कैसे काम करेगा ये नया फीचर?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूजर्स मैसेज टाइप करने के बाद सेंड बटन को देर तक दबाकर रखेंगे तो ये फीचर एक्टिवेट हो जाएगा और आपको Send as View Once ऑप्शन दिखेगा, जिससे टेक्स्ट ऐसे फ़ॉर्मेट में भेजा जा सकेगा जिसे मैसेज रिसीव करने वाला व्यक्ति एक बार ही मैसेज को पढ़ पाएगा.

एक बार देखे जाने के बाद, मैसेज गायब हो जाएगा और उसे दोबारा नहीं देखा जा सकेगा. फोटो और वीडियो में जिस तरह से View Once फीचर काम करता है, उसी तरह से इसमें भी मैसेज रिसीव करने वाला व्यक्ति न ही मैसेज को कॉपी कर पाएगा, न मैसेज फॉरवर्ड कर पाएगा और न ही मैसेज को शेयर कर पाएगा. मैसेज सेव करके रखने की संभावना को कम करने के लिए स्क्रीनशॉट और स्क्रीन रिकॉर्डिंग पर भी रोक लगाई जा सकती है. ये फीचर पर्सनल और ग्रुप चैट दोनों में काम करेगा, हालांकि इस फीचर के चैनल्स में उपलब्ध होने की संभावना कम है. फिलहाल कंपनी ने इस फीचर के बारे में कोई जानकारी कंफर्म नहीं की है.

ये भी पढ़ें- Jio 629 vs Airtel 649: बेनिफिट्स में कितना अंतर? रिचार्ज से पहले समझें

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.