Prayagraj Triple Murder: उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और शादी को लेकर विवाद सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, प्रेमिका से शादी नहीं हो पाने की नाराजगी में युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर इस खूनी वारदात को अंजाम दिया. मामले में ग्राम प्रधान की भूमिका भी संदिग्ध मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.
यमुनानगर जोन के मेजा क्षेत्र स्थित कुकुरकटवा गांव में हुए तिहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी हिमांशु और उसके दो साथी निहाल व राजन को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में सामने आया कि फरवरी महीने में हिमांशु और उसकी प्रेमिका घर से फरार हो गए थे. बाद में ग्राम प्रधान के हस्तक्षेप और दबाव में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था.
तीन लोगों की कर दी थी हत्यापुलिस के अनुसार लड़की के परिजनों ने हिमांशु से शादी कराने से इनकार कर दिया था, जिससे वह बेहद नाराज और आक्रोशित था. इसी रंजिश में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लड़की के परिवार के तीन सदस्यों की हत्या की साजिश रची. आरोप है कि तीनों ने सिर पर हमला कर 65 वर्षीय श्यामलाल गुप्ता, 58 वर्षीय अमरावती और 55 वर्षीय इंद्रावती को मौत के घाट उतार दिया.
आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तारपुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए आलाकत्ल भी बरामद कर लिए हैं. वहीं जांच के दौरान ग्राम प्रधान की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उसे भी गिरफ्तार किया गया है. इस हत्याकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे थे.
लापरवाही करने पर चौकी इंचार्ज पर गिरी गाजमामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार ने लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित चौकी इंचार्ज रामविलास सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच जारी है.