चांद नजर आया, आज मुहर्रम से नए इस्लामी साल 1448 हिजरी शुरू
नीरज श्रीवास्‍तव June 17, 2026 06:12 AM

Muharram 2026 Date: माहे मुहर्रम का चांद मंगलवार को जिले में देखा गया. शहर काजी मुफ्ती मुहम्मद अजहर शम्सी ने ऐलान किया कि बुधवार 17 जून को माहे मुहर्रम की पहली तारीख है. मुहर्रम की दसवीं तारीख (यौमे आशूरा) शुक्रवार 26 जून को है.

मुहर्रम इस्लामी कैलेंडर यानी हिजरी वर्ष का पहला महीना है. चांद के साथ ही 1448 का आगाज हो गया. इसी के साथ पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के नवासे हजरत सैयदना इमाम हुसैन रदियल्लाहु अन्हु व उनके साथियों द्वारा दी गई अजीम कुर्बानी की याद ताजा हो गई है. 

उलमा किराम ने सभी के लिए दुआ की है कि नया इस्लामी साल सभी की जिंदगी में खैर व बरकत लाए. मुसलमानों से अपील भी की है कि खूब अल्लाह की इबादत करें. रोजा रखें. हजरत सैयदना इमाम हुसैन रदियल्लाहु अन्हु व शुहदाए कर्बला की याद में कुरआन ख्वानी, फातिहा ख्वानी व दुआ ख्वानी करें. अमन ओ अमान कायम रखें.

मुहर्रम का चांद दिखा

हाफिज रहमत अली निजामी व कारी मुहम्मद अनस नक्शबंदी ने बताया कि मुहर्रम की पहली तारीख को मुसलमानों के दूसरे खलीफा अमीरुल मोमिनीन हजरत सैयदना उमर रदियल्लाहु अन्हु की शहादत हुई. मुहर्रम की दसवीं तारीख को यजीद नाम के एक जालिम बादशाह ने पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के नवासे हजरत सैयदना इमाम हुसैन रदियल्लाहु अन्हु व उनके साथियों को कर्बला के मैदान में शहीद कर दिया था. प्रमुख मस्जिदों व घरों में ‘जिक्रे शुहदाए कर्बला’ महफिल/मजलिस पहली मुहर्रम से शुरु होगी. जिसका सिलसिला दसवीं मुहर्रम तक जारी रहेगा.

मुहर्रम का चांद होते ही इशा की नमाज के बाद मुस्लिम बाहुल्य मोहल्लों में चहल पहल बढ़ गई. फातिहा ख्वानी हुई. लोग सोशल मीडिया के जरिए एक दूसरे को नये इस्लामी साल की मुबारकबाद भी पेश कर रहे हैं. 

निकलेगा शाही जुलूस

मियां बाजार स्थित इमामबाड़ा इस्टेट से 5, 9 व 10 मुहर्रम को रवायती शाही जुलूस निकलेगा. यहां पर मेला लगेगा. शहर के विभिन्न मोहल्लों से चौथी से दसवीं मुहर्रम तक रात-दिन जुलूसों का सिलसिला जारी होगा. शहर में ताजिया बनाने के काम में तेजी आ गई है.

Rashifal 17 June 2026: मकर की लव लाइफ में आएगा नया मोड़, वृषभ की किस्मत का चमकेगा सितारा, मेष से मीन तक राशिफल देखें

Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.