गोविंदा और सुनीता आहूजा के रिश्ते पर छलका बेटी टीना का दर्द, बोलीं- मैं बचपन से ही ये सब देख रही हूं
एबीपी एंटरटेनमेंट डेस्क June 18, 2026 11:42 AM

बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा पिछले लंबे समय से अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं. कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि शादी के 39 साल बाद इस कपल के रिश्ते में दरार आ गई है. हालांकि, हर बार इस कपल ने साथ आकर इन अफवाहों को खारिज कर दिया. अब गोविंदा और सुनीता आहूजा के तलाक की खबरों पर बेटी टीना आहूजा ने रिएक्ट किया है. चलिए जानते हैं उन्होंने क्या कहा. 

'मैं बचपन से ही ये सब देख रही हूं'
फ्री प्रेस जर्नल को दिए इंटरव्यू में गोविंदा की बेटी टीना आहूजा ने कहा, 'मैं बचपन से ही ये सब देख रही हूं. तरह-तरह की कहानियां बनती रही हैं. हर दशक में उनके पास एक नई कहानी होती है. पहले ये मैग्जीन में छपती थीं. फिर ये इंटरनेट पर आईं और अब ये इंस्टाग्राम और यूट्यूब की दुनिया तक पहुंच गई हैं. देखिए, मैं भी एक इंसान हूं.'

ये भी पढ़ें: 'उससे बेहतर न एक्टर आया है, न आएगा...' सलमान ने जमकर की थी इस सुपरस्टार की तारीफ, 7 साल से नहीं आई कोई फिल्म

'क्लिकबेट के लिए ऐसी खबरें क्रिएट की जाती हैं'
उन्होंने आगे कहा, 'जाहिर है जब किसी बात में कोई सच्चाई न हो और वो बात बहुत बढ़ा-चढ़ाकर और बेवजह खींची हुई लगे, तो परेशानी तो होती ही है. क्लिकबेट के लिए ऐसी खबरें क्रिएट की जाती हैं. मैं कोई संत नहीं हूं. मैं परेशान हो जाती हूं, लेकिन इन खबरों में कोई सच्चाई नहीं है. ये इंडस्ट्री का हिस्सा है. इसलिए आपको मजबूत होना पड़ता है. जब आपको सच पता होता है तो बेहतर है रिएक्ट ना करो.'

गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी
बता दें कि गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी 11 मार्च, 1987 को हुई थी. शादी के समय गोविंदा 24 साल के थे, जबकि सुनीता की उम्र 18 साल थी. ये कपल दो बच्चों बेटी टीना आहूजा और बेटे यशवर्धन आहूजा के पेरेंट्स हैं.

टीना आहूजा ने किया टीवी पर डेब्यू
वर्क फ्रंट की बात करें तो टीना ने अपनी मां सुनीता आहूजा के साथ टीवी पर डेब्यू किया है. ये मां-बेटी की जोड़ी जी टीवी के शो 'मां है ना' में नजर आ रही है. इस शो को शिल्पा शेट्टी होस्ट करती हैं.

ये भी पढ़ें: 'मेरे कलेजे का टुकड़ा है...', गोविंदा की वाइफ का खुलासा, बताया किसके नाम करेंगी सारी प्रॉपर्टी

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.