फीफा वर्ल्ड कप: इंग्लैंड ने क्रोएशिया को 4-2 से हराया, हैरी केन ने किए दो गोल
Indias News Hindi June 18, 2026 11:42 AM

अर्लिंग्टन, 18 जून . इंग्लैंड ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज जीत के साथ किया है. डलास स्टेडियम में हुए ग्रुप एल के मुकाबले में इंग्लैंड ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए क्रोएशिया को 4-2 से हराया.

इंग्लैंड की ओर से कप्तान हैरी केन ने दो गोल दागे, जबकि जूड बेलिंगहैम और सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर उतरे मार्कस रैशफोर्ड ने एक गोल किया. मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया. क्रोएशिया ने शुरुआती मिनटों में इंग्लैंड के डिफेंस पर दबाव बनाया, लेकिन इंग्लैंड ने जल्द ही मुकाबले पर पकड़ बना ली.

12वें मिनट में इंग्लैंड के हाथ पेनल्टी लगी. पेनल्टी पर हैरी केन का पहला प्रयास गोलकीपर डोमिनिक लिवाकोविक ने रोक लिया, लेकिन नियम उल्लंघन के कारण पेनल्टी दोबारा कराई गई. दूसरे प्रयास में केन ने कोई गलती नहीं की और टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी. हालांकि, क्रोएशिया ने मैच में जल्द ही वापसी की. मार्टिन बटुरिना ने शानदार गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया. इसके बाद इंग्लैंड ने एक बार फिर बढ़त हासिल की. कॉर्नर किक पर हैरी केन ने बेहतरीन हेडर लगाकर अपना दूसरा गोल किया और इंग्लैंड को 2-1 से आगे कर दिया.

पहले हाफ के अंत में क्रोएशिया ने स्कोर को फिर से बराबर कर दिया. स्टॉपेज टाइम में इवान पेरिसिक को कुछ जगह मिली और उन्होंने मूसा को पास दिया, जिन्होंने गेंद को गोल पोस्ट में डालकर ब्रेक तक स्कोर 2-2 कर दिया. दूसरे हाफ में इंग्लैंड अलग ही अंदाज में मैदान पर उतरा. खेल शुरू होने के केवल दो मिनट बाद जूड बेलिंगहैम ने शानदार व्यक्तिगत प्रयास करते हुए शानदार गोल दागा. उन्होंने दाईं ओर से बॉक्स में प्रवेश किया और सटीक शॉट लगाकर इंग्लैंड को मुकाबले में 3-2 की बढ़त दिला दी.

इसके बाद इंग्लैंड ने लगातार आक्रमण जारी रखा. बेलिंगहैम, डेक्लान राइस और निको ओ’रेली ने कई मौके बनाए, लेकिन क्रोएशियाई गोलकीपर लिवाकोविक ने कुछ बेहतरीन बचाव कर अपनी टीम को मुकाबले में बनाए रखा. दूसरी ओर, क्रोएशिया ने भी जवाबी हमले किए और मार्को पासालिक का एक जबरदस्त शॉट इंग्लैंड के गोलकीपर जॉर्डन पिकफोर्ड ने शानदार तरीके से रोक दिया.

मैच के अंतिम पलों में सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी मार्कस रैशफोर्ड ने गोल करते हुए इंग्लैंड की जीत पर मुहर लगा दी. उन्होंने डिफेंडर को छकाते हुए गेंद को इंग्लैंड की ओर से चौथा गोल किया. इस जीत के साथ इंग्लैंड ने ग्रुप एल में तीन महत्वपूर्ण अंक हासिल किए और अपने विश्व कप अभियान की शानदार शुरुआत की. कप्तान हैरी केन ने दो गोल कर एक और रिकॉर्ड बनाया. वह अब वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा पेनल्टी गोल (शूटआउट को छोड़कर) करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. वहीं, जूड बेलिंगहैम ने भी अपने शानदार प्रदर्शन से टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई.

एसएम/एएस

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.