Petrol diesel price today: पेट्रोल-डीजल के ताजा रेट जारी, चेक कर लें अपने शहर का भाव
TV9 Bharatvarsh June 18, 2026 11:43 AM

अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से चला आ रहा तनाव खत्म हो रहा है. इसकी वजह से कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है. ऐसे में आम आदमी के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई इस नरमी का फायदा उन्हें मिलेगा? क्या भारत में आज पेट्रोल और डीजल के रेट कम हुए हैं? गुरुवार, 18 जून 2026 को सरकारी तेल कंपनियों ने नए रेट जारी कर दिए हैं. सरकारी तेल कंपनियों ने घरेलू बाजार में ईंधन के दाम में कोई बदलाव नहीं किया.

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट

ईरान युद्ध शुरू होने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में लगभग 50 फीसदी का भारी उछाल आया था, लेकिन इस शांति समझौते की खबर आते ही क्रूड ऑयल के दाम एक फीसदी से ज्यादा टूट गए. गुरुवार सुबह ब्रेंट क्रूड 1.04 फीसदी (0.83 डॉलर) की गिरावट के साथ 78.72 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था. वहीं, डब्ल्यूटीआई क्रूड भी 1.26 फीसदी टूटकर 75.82 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है.

तेल कंपनियों को हो रहा करोड़ों का नुकसान

क्रूड ऑयल के दाम गिरने के बावजूद भारत में ईंधन सस्ता न होने के पीछे तेल कंपनियों का भारी घाटा एक बड़ी वजह है. पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा के मुताबिक, सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को अभी भी हर लीटर पेट्रोल पर 3 रुपये और डीजल पर 27 रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है. इस कारण कंपनियों को रोजाना करीब 600 करोड़ रुपये का घाटा हो रहा है.

हालांकि, राहत की बात यह है कि 1 अप्रैल 2026 को यह घाटा पेट्रोल पर 24 रुपये और डीजल पर 105 रुपये प्रति लीटर था. बीते 18 मई तक कंपनियों का रोजाना का घाटा 750 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जिसमें अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में नरमी के कारण थोड़ी कमी आई है.

प्रमुख शहरों में आज पेट्रोल-डीजल का ताजा भाव

घरेलू तेल कंपनियों ने 18 जून 2026 के लिए पेट्रोल-डीजल के भाव जारी कर दिए हैं. महानगरों से लेकर छोटे शहरों तक कीमतें स्थिर बनी हुई हैं.

शहर पेट्रोल का भाव रुपये प्रति लीटर डीजल का भाव रुपये प्रति लीटर
दिल्ली 102.12 95.20
कोलकाता 113.51 99.82
मुंबई 111.21 97.83
चेन्नई 107.77 99.55
नोएडा 102.12 97.56
चंडीगढ़ 101.51 89.47
लखनऊ 101.89 95.36
पटना 113.37 99.36
रांची 105.26 100.49
भोपाल 114.57 99.64
ऐसे चेक करें किसी भी शहर का भाव

अगर आप घर बैठे अपने शहर का ताजा भाव जानना चाहते हैं, तो यह सुविधा भी उपलब्ध है. इंडियन ऑयल के ग्राहक अपने मोबाइल से RSP <शहर का कोड> लिखकर 9224992249 पर भेज सकते हैं. इसी तरह, बीपीसीएल (BPCL) के ग्राहक 9223112222 पर और एचपीसीएल (HPCL) के ग्राहक HPPRICE <शहर का कोड> लिखकर 9222201122 पर एसएमएस भेजकर तुरंत अपडेट प्राप्त कर सकते हैं.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.