NEET एग्जाम देने जा रहे हैं? रेलवे ने आपके लिए चलाई स्पेशल ट्रेन, देखें टाइमिंग और रूट
TV9 Bharatvarsh June 19, 2026 12:43 AM

NEET Re Exam: देशभर में NEET परीक्षा को लेकर एक बार फिर तैयारियां तेज हो गई हैं. परीक्षा के सफल और सुचारू आयोजन के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के साथ-साथ रेलवे भी विशेष व्यवस्थाएं कर रहा है. परीक्षा केंद्रों तक प्रश्नपत्रों की सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने के बाद अब अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए रेलवे ने भी कमर कस ली है. इसी कड़ी में पश्चिम रेलवे के जबलपुर मंडल ने नीट परीक्षार्थियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है.

रेलवे प्रशासन द्वारा 20 जून 2026 को इंदौर से भोपाल और भोपाल से रतलाम के बीच स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा. इन ट्रेनों का उद्देश्य नीट परीक्षा देने वाले छात्रों और उनके परिजनों को सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की आवाजाही को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, जिससे नियमित ट्रेनों पर दबाव भी कम होगा और परीक्षार्थियों को राहत मिलेगी.

ये भी पढ़ें- आपके पास है रेलवे का टिकट तो कितने घंटे रूक सकते हैं स्टेशन पर? जानें नियम

क्या होगी ‘ NEET एक्सप्रेस’ की टाइमिंग?

इंदौर-भोपाल (वाया रतलाम) स्पेशल ट्रेन क्रमांक 09354, 20 जून को सुबह 11:25 बजे इंदौर स्टेशन से रवाना होगी. यह ट्रेन फतेहाबाद चंद्रावतीगंज, बड़नगर, रतलाम, नागदा, उज्जैन, मक्सी, शुजालपुर, सीहोर और संत हिरदाराम नगर होते हुए शाम 7 बजे भोपाल पहुंचेगी. वहीं भोपाल-रतलाम स्पेशल ट्रेन क्रमांक 09353 उसी दिन शाम 7:40 बजे भोपाल से रवाना होकर संत हिरदाराम नगर, सीहोर, शुजालपुर, मक्सी, उज्जैन और नागदा होते हुए अगले दिन रात 12:55 बजे रतलाम पहुंचेगी.

ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए गए

रेलवे ने इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 17 कोच लगाए हैं. इनमें 13 स्लीपर कोच, 2 सामान्य श्रेणी के कोच तथा 2 एसएलआर/डी कोच शामिल हैं. इससे बड़ी संख्या में छात्र और अन्य यात्री आरामदायक यात्रा कर सकेंगे.

ये भी पढ़ें- हर की पौड़ी से लेकर लक्ष्मण झूला तक नमो भारत से जल्द घूम सकेंगे ऋषिकेश, मेरठ से 150 KM बढ़ेगा कॉरिडोर, जानें पूरा रूट

NEET अभ्यर्थियों को नहीं होगी परेशानी- रेलवे

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं. इंदौर, उज्जैन, रतलाम और भोपाल जैसे प्रमुख शहरों के बीच चलने वाली यह स्पेशल ट्रेन नीट परीक्षार्थियों के लिए किसी ‘NEET एक्सप्रेस’ से कम नहीं होगी. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले समय और ठहराव की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट से अवश्य प्राप्त कर लें.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.