बिहार के 15 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का डंका पूरी दुनिया में बज ही रहा है और अब इस राज्य से एक और खिलाड़ी ने अपना दम दिखाया है. बात हो रही है अक्षरा गुप्ता की जो बिहार से घरेलू क्रिकेट खेलती हैं और उन्होंने BCA महिला अंडर 19 टूर्नामेंट में कमाल कर दिखाया है. (फोटो-इंस्टाग्राम)
बाएं हाथ की बल्लेबाज अक्षरा गुप्ता ने BCA महिला अंडर 19 टूर्नामेंट के वनडे मैच में महज 126 गेंदों में नाबाद 306 रन ठोक दिए. अपनी अविश्वसनीय पारी में अक्षरा ने 55 चौके और 8 छक्के लगाए. (फोटो-इंस्टाग्राम)
अक्षरा गुप्ता ने महज 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और सिर्फ 34 गेंदों में वो शतक तक पहुंच गई. वो महिला क्रिकेट इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी पारी खेलने में कामयाब रही हैं. घरेलू महिला वनडे क्रिकेट में मुंबई की इरा गुप्ता ने 346 रनों की पारी खेली है. (फोटो-इंस्टाग्राम)
अक्षरा गुप्ता को बिहार का अगला बड़ा नाम माना जा रहा है. ये खिलाड़ी महज 14 साल की उम्र में एज ग्रुप की सभी फॉर्मेट खेलने वाली बिहार की पहली क्रिकेटर हैं. वो एक ही सीजन में अंडर-15, अंडर-19 और अंडर-23 फॉर्मेट खेली हैं. (फोटो-इंस्टाग्राम)
अक्षरा गुप्ता बाएं हाथ की बल्लेबाज हैं जो बेहद आक्रामक खेल के लिए जानी जाती हैं. अक्षरा अगर इसी तरह रन बनाती रहीं तो जल्द वो स्मृति मंधाना के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम और महिला प्रीमियर लीग में नजर आ सकती हैं.(फोटो-इंस्टाग्राम)