Mumbai BEST Strike News: मुंबई में गुरुवार रात 12 बजे से BEST (बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट) के बस परिवहन और बिजली आपूर्ति विभाग के कर्मचारी हड़ताल पर जा रहे हैं. यह हड़ताल BEST संयुक्त कर्मचारी एक्शन कमेटी ने बुलाई है. हड़ताल के चलते मुंबई में बस सेवाओं और बिजली आपूर्ति से जुड़ी सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है. इंडस्ट्रियल कोर्ट की रोक के बावजूद BEST बस संगठन चक्का जाम पर अड़े.
इंडस्ट्रियल कोर्ट के आदेश के अनुसार, ‘बेस्ट कामगार संयुक्त कृति समिति’ के बैनर तले हड़ताल पर जाने वाले बेस्ट उपक्रम के मूल कर्मचारियों और वेट लीज (ठेका) ऑपरेटरों के कर्मचारियों को 18 जून की मध्यरात्रि से आंदोलन करने वाले थे, जिसे अब अस्थायी रूप से रोक दिया गया है. दूसरी तरफ, कोर्ट के इस आदेश के बीच राजनीतिक और कामगार नेता नितिन नांदगांवकर ने हड़ताल पर अड़े रहने और चक्का जाम करने की बड़ी घोषणा की है.
‘डिपो से न निकलने दें बस…’कामगार नेताओं ने कर्मचारियों से आक्रामक अपील करते हुए कहा है कि रात 12 बजे के बाद मुंबई के किसी भी डिपो से एक भी बेस्ट बस बाहर नहीं निकलनी चाहिए. डिपो पर मौजूद कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि कोई भी ड्राइवर या स्टाफ डिपो से जबरन बस बाहर निकालने की कोशिश करे, तो उसे हर हाल में रोकें. ‘बेस्ट संयुक्त कामगार कृति समिति’ ने इस बड़े आंदोलन का आह्वान किया है, जिसमें मुंबई इलेक्ट्रिकल वर्कर्स यूनियन, बेस्ट कामगार सेना और महाराष्ट्र नवनिर्माण बेस्ट कर्मचारी सेना समेत 12 से अधिक प्रमुख संगठन शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: 40 बच्चों से भरी स्कूल बस कुएं के किनारे लटकी, मौत से कुछ ही फीट दूर थे मासूम; देखें पुणे का ये Video
क्या है कर्मचारियों की मांग?इस हड़ताल और आंदोलन के पीछे कर्मचारियों की कई बड़ी मांगें हैं, जिनमें बेस्ट के ‘C’ बजट को BMC के मुख्य ‘A’ बजट में मर्ज करना, 2016 से 2026 के बीच का वेतन समझौता 7वें वेतन आयोग के तहत एरियर के साथ देना और कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम (वेट लीज) को रद्द कर सभी ठेका कर्मचारियों व बसों को सीधे बेस्ट के तहत समाहित करना शामिल है. फिलहाल अदालती रोक के बावजूद कामगार संगठनों की इस जिद और ‘चलो दादर’ की चेतावनी से मुंबई में आज आधी रात से परिवहन और बिजली सप्लाई दोनों ही सेवाएं पूरी तरह चरमराने और तनाव बढ़ने की आशंका है.