Dhamaal All Movies Collection: बॉलीवुड में कई ऐसी कॉमेडी फ्रेंचाइजी हैं, जिन्हें लेकर ऑडियंस में अलग क्रेज देखने को मिलता है, जिनमें वेलकम, हेरा फेरा और गोलमाल शामिल है. इन्हीं फ्रेंचाइजी में से एक ‘धमाल’ भी है. कॉमेडी फिल्मों की सबसे पॉपुलर फ्रेंचाइजी ‘धमाल’ का एक अलग ही फैन बेस है. अभी तक इसके तीन पार्ट आ चुके हैं और अब इसका चौथा पार्ट आने वाला है. इंद्र कुमार एक बार फिर ‘धमाल 4’ का डायरेक्शन कर रहे हैं. फिल्म में रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, संजय मिश्रा और जॉनी लीवर जैसे पुराने चेहरे नजर आएंगे. ये फिल्म 10 जुलाई को थिएटरों में दस्तक देने वाली है. ‘धमाल 4’ की रिलीज से पहले आइए एक नजर डालते हैं अभी तक इस फ्रेंचाइजी के बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड पर.
‘धमाल 4’ की रिलीज से पहले अगर फ्रेंचाइजी के पुराने पार्ट्स पर नजर डालें तो तीनों फिल्मों को ऑडियंस का भरपूर प्यार मिला. ‘धमाल’ फ्रेंचाइजी के तीनों ही पार्ट ने अपने बजट से कई गुना पैसे कमाए हैं. लेकिन ज्यादा कमाई ‘टोटल धमाल’ ने की, जो साल 2019 में रिलीज हुई थी. हालांकि, इसका बजट भी काफी बड़ा था.
धमाल (2007)इंद्र कुमार के डायरेक्शन में बनी ‘धमाल’ 7 सितंबर 2007 को रिलीज हुई थी. फिल्म में संजय दत्त, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, आशीष चौधरी और असरानी जैसे कलाकार नजर आए थे. करीब 17 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस कॉमेडी फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 51 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. IMDb पर फिल्म की 7.6/10 रेटिंग है और इसे फ्रेंचाइजी की सबसे पसंदीदा फिल्मों में गिना जाता है.
यह भी पढ़ें – दीपिका पादुकोण या कृति सेनन, कॉकटेल फ्रेंचाइजी के लिए किसे मिली ज्यादा फीस?

फ्रेंचाइजी का दूसरा पार्ट ‘डबल धमाल’ 24 जून 2011 को रिलीज हुआ था और इसका डायरेक्शन भी इंद्र कुमार ने किया था. फिल्म में संजय दत्त, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, आशीष चौधरी के साथ कंगना रनौत और मलाइका अरोड़ा भी नजर आई थीं. लगभग 30 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में करीब 71 करोड़ रुपये का कारोबार किया. IMDb पर इसकी 4.1/10 रेटिंग है.
22 फरवरी 2019 को रिलीज हुई ‘टोटल धमाल’ फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी हिट साबित हुई. इंद्र कुमार के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में अजय देवगन, अनिल कपूर, माधुरी दीक्षित, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी और जॉनी लीवर जैसे सितारे नजर आए थे. लगभग 105 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 232 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया था. IMDb पर इसकी 4.3/10 रेटिंग दर्ज है. कमाई के मामले में टोटल धमाल आज भी फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी फिल्म है.