देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी Reliance Jio की ओर से यूजर्स के एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए अब कंपनी एआई वॉयस असिस्टेंट को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है. रिलायंस इंडस्ट्रीज की 49वीं सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स को संबोधित करते हुए रिलायंस जियो इन्फोकॉम के चेयरमैन आकाश अंबानी ने कहा, जियो एक नया AI वॉयस असिस्टेंट पेश कर रहा है जिसका नाम है ‘जियो कॉल एजेंट’. Jio का ये वॉयस असिस्टेंट कॉल के दौरान शामिल हो सकता है और आपकी बातचीत को टेक्स्ट में बदल सकता है. इसके अलावा जियो का ये एआई असिस्टेंट कैब बुक करने या खाना ऑर्डर करने जैसे काम भी आपके लिए कर सकता है. कंपनी के इस कदम से एक बात तो साफ है कि जियो की ओर से कस्टमर नेटवर्क में AI सेवाओं को बढ़ाया जा रहा है.
अलग से डाउनलोड नहीं करना पड़ेगा ऐप‘जियो कॉल एजेंट’ को इस साल के आखिर में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है. इसे सीधे कंपनी के टेलीकॉम नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, जिससे यूजर्स को अलग से कोई ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यह सर्विस जियो के 50 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध होगी और इसमें भारतीय भाषाओं का सपोर्ट भी मिलेगा. इससे एआई पावर्ड सर्विस का दायरा सिर्फ अंग्रेजी बोलने वाले यूजर्स से आगे बढ़कर और लोगों तक पहुंचेगा.
यूजर्स Hey Jio कहकर कॉल के दौरान असिस्टेंट को शामिल कर सकते हैं, बशर्ते दूसरे लोग इसकी मौजूदगी के लिए सहमत हों. इस जियो सर्विस को एक अलग चैटबॉट के बजाय, रेगुलर वॉयस कॉल के दौरान काम करने वाले पर्सनल AI सहायक के तौर पर पेश किया गया है.
आकाश अंबानी के मुताबिक, यह असिस्टेंट रियल-टाइम में कॉल को ट्रांसक्राइब कर सकता है और कॉन्फ्रेंस कॉल के दौरान 10 अलग-अलग बोलने वालों की पहचान कर सकता है. यह बातचीत की समरी तैयार कर सकता है, जरूरी बातों के प्वाइंट्स निकाल सकता है और रिमाइंडर बना सकता है, जिन्हें बातचीत के बाद दूसरे लोगों के साथ शेयर किया जा सकता है.
इस प्रोडक्ट को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि कॉल के दौरान भी ट्रांजैक्शन किए जा सकें. उदाहरण के लिए, यूजर्स कॉल काटे बिना ही असिस्टेंट से खाना ऑर्डर करने, रेस्टोरेंट में टेबल रिज़र्व करने, कैब बुक करने या मीटिंग शेड्यूल करने के लिए कह सकते हैं. जियो का ये असिस्टेंट दूसरे AI असिस्टेंट जैसा नहीं है जिसे किसी खास ऐप्स, सब्सक्रिप्शन या कम्पैटिबल डिवाइस की जरूरत पड़े, जियो का कॉल एजेंट नेटवर्क लेवल पर काम करेगा.
ये भी पढ़ें- 40 दिन की वैलिडिटी-ZEE5 और हर रोज डेटा, Airtel लाया नया रिचार्ज प्लान