मौत से पहले बांध लिए थे हाथ! फिरोजाबाद में नहर में मिले प्रेमी-प्रेमिका के शव, मचा कोहराम
TV9 Bharatvarsh June 20, 2026 03:43 PM

Firozabad couple death mystery: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां नगला प्रभु के पास नहर में एक प्रेमी और प्रेमिका का शव उतराता हुआ मिला. स्थानीय लोगों ने पानी में शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को नहर से बाहर निकलवाया.

घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक, दोनों शवों की हालत देखकर इलाके में हड़कंप मच गया. सबसे ज्यादा हैरानी इस बात को लेकर थी कि युवक और महिला के हाथ एक ही दुपट्टे से बंधे हुए थे. इस दृश्य के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. पुलिस ने मौके पर जांच शुरू की और दोनों की पहचान के प्रयास किए.

महिला शादीशुदा थी

पुलिस को तलाशी के दौरान मिले दस्तावेज और मोबाइल फोन से युवक की पहचान एटा जिले के आवागढ़ थाना क्षेत्र के सहनवा गांव निवासी जितेंद्र लोधी उर्फ जीतू के रूप में हुई. वहीं मृत महिला की पहचान जसराना क्षेत्र के नगला फकीरा गांव निवासी फूलनदेवी के रूप में की गई. बताया जा रहा है कि फूलनदेवी शादीशुदा थी. उसका पति ट्रक चालक है और घटना के समय घर से बाहर था. जैसे ही महिला और युवक की मौत की खबर परिजनों तक पहुंची, परिवारों में कोहराम मच गया. दोनों परिवारों के लोग मौके पर पहुंचे और घटना को लेकर स्तब्ध रह गए.

अचानक मोबाइल बंद हो गया था

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि जितेंद्र 17 जून की सुबह घर से काम के सिलसिले में बाहर जाने की बात कहकर निकला था. इसके बाद उसकी परिजनों से फोन पर बातचीत होती रही, लेकिन शाम के बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया. परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसी बीच नहर में शव मिलने की सूचना ने सभी को हैरान कर दिया.

पुलिस फिलहाल इस मामले को कई एंगल से जांच रही है. प्रारंभिक तौर पर मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ माना जा रहा है. दोनों के हाथ एक ही दुपट्टे से बंधे मिलने के कारण पुलिस आत्महत्या की आशंका से भी जांच कर रही है. हालांकि अभी तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों के बीच किस तरह का संबंध था और घटना से पहले दोनों कहां थे. दोनों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, लोकेशन और आपसी संपर्कों की जांच की जा रही है ताकि घटना की पूरी कड़ी को जोड़ा जा सके.

सीओ शिकोहाबाद अमरीश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.