नीट री-एग्जाम एडमिट कार्ड पर कैंडिडेट्स का डायबिटिक स्टेटस गायब, NTA ने डॉक्टर की पर्ची साथ लाने को कहा
TV9 Bharatvarsh June 20, 2026 03:43 PM

नीट यूजी 2026 री-एग्जाम 21 जून को आयोजित होने जा रहा है और इसके लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. परीक्षा से पहले एक महत्वपूर्ण मामला सामने आया है, जिसमें एक डायबिटिक उम्मीदवार के एडमिट कार्ड पर उनकी स्वास्थ्य स्थिति का स्टेटस नहीं दिखा. इसे लेकर एक अभिभावक ने सोशल मीडिया पर चिंता जताई. नीट यूजी 2026 री-एग्जाम से पहले एक अभिभावक ने सोशल मीडिया पर शिकायत की कि उनकी बेटी टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित है, लेकिन एडमिट कार्ड में उसकी स्वास्थ्य स्थिति का कोई जिक्र नहीं किया गया. अभिभावक ने बताया कि छात्रा इंसुलिन पंप का उपयोग करती है और परीक्षा के दौरान उसे विशेष मेडिकल जरूरतें हो सकती हैं.

NTA ने दिया जरूरी निर्देश

शिकायत के जवाब में NTA ने कहा कि ऐसे उम्मीदवार घबराएं नहीं. परीक्षा केंद्र पर डॉक्टर की पर्ची या मेडिकल प्रमाणपत्र साथ लेकर आएं. एजेंसी ने स्पष्ट किया कि मेडिकल जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक अनुमति प्रदान की जाएगी.

डायबिटिक छात्रों को क्या सुविधाएं मिलेंगी?

NTA की गाइडलाइन के अनुसार डायबिटीज से पीड़ित उम्मीदवार अपने साथ शुगर की दवा या टैबलेट, केला, सेब और संतरा जैसे फल और ट्रांसपेरेंट पानी की बोतल ले जा सकते हैं. यह सुविधा परीक्षा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी किसी परेशानी से बचाने के लिए दी जाती है.

@NTA_Exams my kid got #NEETUG admit card but there is no mention about her Diabetic condition which we mentioned in application form,she is Type 1 Diabetic.Needs external insulin using Pump Exam Center is at KV school 2 Kalpakkam-how to handle this? #NEET2026 #Admitcard

— R.Prasanna (@rprsan) June 20, 2026

Please bring along with doctor recommendation. It will be allowed

— National Testing Agency (@NTA_Exams) June 20, 2026

21 जून को होगी परीक्षा

नीट यूजी 2026 री-एग्जाम 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक ऑफलाइन मोड में आयोजित होगा. वहीं पात्र दिव्यांग उम्मीदवारों को अतिरिक्त समय दिया जाएगा और वो शाम 6:20 बजे तक परीक्षा पूरी कर सकेंगे. इस परीक्षा में देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है.

अफवाहों से बचने की सलाह

NTA ने छात्रों को पेपर लीक या परीक्षा से जुड़ी अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी है. किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तुरंत एजेंसी या साइबर क्राइम सेल को देने को कहा गया है. मानसिक तनाव की स्थिति में छात्र टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 पर 24 घंटे सहायता प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही परीक्षा संबंधी जानकारी के लिए NTA हेल्पलाइन और आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग करने की सलाह दी गई है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.