टॉप-10 में से 9 कंपनियों पर बरसे ₹2.15 लाख करोड़, शेयर बाजार में एयरटेल ने लगाई सबसे लंबी छलांग
TV9 Bharatvarsh June 21, 2026 05:43 PM

पिछले हफ्ते शेयर बाजार में अच्छी तेजी देखने को मिली. आखिरी कारोबारी दिन को छोड़ दिया जाए तो चारों कारोबारी दिन में शेयर बाजार में तेजी देखी गई. जिसकी वजह से देश की टॉप कंपनियों को भी फायदा हुआ. आंकड़ों को देखें तो टॉप 10 में से 9 कंपनियों के मार्केट कैप में 2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई. जिसमें सबसे ज्यादा फायदा एयरटेल को हुआ. खास बात तो ये है कि देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टीसीएस को इस तेजी में भी नुकसान उठाना पड़ा. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर देश की टॉप कंपनियों को कितना फायदा हुआ है.

देश की टॉप कंपनियों के मार्केट कैप में इजाफा
  • पिछले हफ़्ते टॉप-10 सबसे ज़्यादा वैल्यू वाली कंपनियों में से नौ की कुल मार्केट वैल्यूएशन 2.15 लाख करोड़ रुपए बढ़ गई.
  • टॉप-10 कंपनियों में भारती एयरटेल की मार्केट वैल्यूएशन सबसे ज़्यादा 52,432.67 करोड़ रुपए बढ़कर 11,62,963.30 करोड़ रुपए हो गई.
  • देश की सबसे बड़ी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी एलआईसी की वैल्यूएशन में 51,675.23 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई, जिससे यह 5,56,726.30 करोड़ रुपए हो गई.
  • देश के सबसे बड़े एनबीएफसी बजाज फ़ाइनेंस की वैल्यूएशन 26,553.71 करोड़ रुपए बढ़कर 5,98,501.25 करोड़ रुपए हो गई.
  • देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज़ की वैल्यूएशन 22,464.02 करोड़ रुपए बढ़कर 17,71,882.96 करोड़ रुपए हो गई.
  • देश की सबसे बड़ी इंफ्रा कंपनी लार्सन एंड टुब्रो का मार्केट कैपिटलाइज़ेशन (mcap) 21,929.12 करोड़ रुपए बढ़कर 5,79,126.95 करोड़ रुपए हो गया,
  • देश का सबसे बड़ा सरकारी लेंडर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का मार्केट कैप 16,753.57 करोड़ रुपए बढ़कर 9,55,415.07 करोड़ रुपए हो गया.
  • देश का सबसे बड़ा प्राइवेट लेंडर HDFC बैंक का मार्केट कैप 11,948.72 करोड़ रुपए बढ़कर 12,01,263.14 करोड़ रुपए हो गया.
  • देश की सबसे बड़ी एफएमसीजी कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 6,661.1 करोड़ रुपए बढ़कर 5,15,946.75 करोड़ रुपए हो गया.
  • देश का दूसरा सबसे बड़ा प्राइवेट लेंडर ICICI बैंक की वैल्यूएशन 4,724.22 करोड़ रुपए बढ़कर 9,66,021.99 करोड़ रुपए हो गई.
  • वहीं दूसरी ओर देश की सबसे बड़ी टेक कंपनी TCS की मार्केट वैल्यू 12,699.49 करोड़ रुपए घटकर 7,69,350.13 करोड़ रुपए रह गई.
  • क्यों आई शेयर बाजार में तेजी?

    रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे ज़्यादा वैल्यू वाली घरेलू कंपनी बनी रही, इसके बाद HDFC बैंक, भारती एयरटेल, ICICI बैंक, स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया, TCS, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, LIC और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा. पिछले हफ़्ते, BSE का बेंचमार्क सेंसेक्स 1,274.95 अंक या 1.68 प्रतिशत बढ़ा. ऑनलाइन ट्रेडिंग और वेल्थ टेक फ़र्म ‘एनरिच मनी’ के CEO पोनमुडी आर ने कहा कि भू-राजनीतिक चिंताओं में कमी, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और ग्लोबल रिस्क सेंटीमेंट में सुधार के कारण इस हफ़्ते भारतीय इक्विटी बाज़ार में रिकवरी जारी रही. हालांकि बातचीत अभी भी चल रही है और समझौते को पूरी तरह से लागू किया जाना बाकी है, लेकिन भू-राजनीतिक अनिश्चितता में कमी ने बाज़ार के सेंटीमेंट में काफ़ी सुधार किया है.

    © Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.