यूक्रेन के ड्रोन हमलों से क्रीमिया में संकट, 5 लोगों की मौत; ईंधन बिक्री पर रोक
TV9 Bharatvarsh June 21, 2026 08:43 PM

यूक्रेन ने रूस के नियंत्रण वाले क्रीमिया और रूस के क्रास्नोदार क्षेत्र पर बड़े ड्रोन हमले किए हैं. इन हमलों में कुल 5 लोगों की मौत हुई है. क्रीमिया में 4 लोगों की जान गई और 28 लोग घायल हुए हैं, जबकि क्रास्नोदार क्षेत्र में एक शख्स की मौत हुई है. क्रीमिया के गवर्नर सर्गेई अक्स्योनोव ने बताया कि हमलों के बाद हालात को देखते हुए पूरे क्रीमिया में पेट्रोल और डीजल की बिक्री आम लोगों और निजी व्यवसायों के लिए अस्थायी रूप से रोक दी गई है. अब ईंधन केवल उन सरकारी एजेंसियों को दिया जाएगा जो सुरक्षा, आपातकालीन सेवाओं और अन्य जरूरी सरकारी कामों से जुड़ी हैं.

यूक्रेन ने हाल के दिनों में क्रीमिया पर ड्रोन हमले काफी बढ़ा दिए हैं. क्रीमिया रूस के लिए बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्र है, क्योंकि यहां रूस का ब्लैक सी फ्लीट मौजूद है. यूक्रेन लगातार इस इलाके की सप्लाई लाइनों और सैन्य ढांचे को निशाना बना रहा है. इन हमलों के कारण क्रीमिया में ईंधन संकट भी पैदा हो गया है, जबकि इस समय वहां पर्यटन सीजन भी चल रहा है.

क्रास्नोदार में ऑयल इन्फ्रास्ट्रक्चर पर हमला

दूसरी ओर रूस के क्रास्नोदार क्षेत्र में भी एक बड़ा ड्रोन हमला हुआ. स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यूक्रेन ने एक ऑयल ट्रांसपोर्ट सेंटर को निशाना बनाया. इस हमले में एक यात्री फेरी पर मौजूद एक व्यक्ति की मौत हो गई. साथ ही एक बड़े तेल टर्मिनल में आग लग गई. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने भी इस हमले की पुष्टि की है.

रूस का दावा- 239 यूक्रेनी ड्रोन गिराए

रूस के रक्षा मंत्रालय का दावा है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने रातभर में 239 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए. इसके बावजूद कुछ ड्रोन अपने लक्ष्यों तक पहुंचने में सफल रहे. हमलों से क्रीमिया के बिजली नेटवर्क को भी नुकसान पहुंचा है.

स्थानीय बिजली कंपनी के अनुसार कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है. इसके अलावा क्रीमिया और क्रास्नोदार क्षेत्र के बीच स्थित केर्च स्ट्रेट में फेरी सर्विस कुछ समय के लिए रोक दी गई. क्रीमिया को रूस से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण पुल पर भी 9 घंटे से ज्यादा समय तक यातायात बंद रहा. इसके कारण 11 ट्रेनें देरी से चलीं और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

यह भी पढ़ें: यूरोप में गर्मी का कहर, फ्रांस में शराब पर रोक; स्पेन-जर्मनी में अलर्ट

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.