हाथरस: 25 हजार का इनामी बदमाश सुखवीर फौजी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैर में लगी गोली
TV9 Bharatvarsh June 22, 2026 03:43 AM

Hathras News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिल में पुलिस ने एक कुख्यात इनामी आरोपी को एनकाउंटर के दौरान गिरफ्तार कर लिया है. मुरसान थाना पुलिस व एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी सुखवीर फौजी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है. आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है. घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है.

पुलिस के मुताबिक, रविवार को एसओजी और मुरसान थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि 25 हजार का इनामी सुखवीर फौजी पटा खास चौराहे के पास से गुजरने वाला है. जिसके बाद टीम का गठन किया और आरोपी को घेर लिया गया. आरोपी ने खुद को चारों तरफ से घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी.

मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

मुठभेड़ के दौरान आरोपी की फायरिंग से पुलिस वाहन और थाना प्रभारी मुरसान की बुलेटप्रूफ जैकेट भी गोली लगने से क्षतिग्रस्त हुई है. आरोपी सुनील हत्याकांड का नामजद अभियुक्त था, जिसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था.

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, दो खोखा, दो जिंदा कारतूस, मृतक का पर्स और हीरो पैशन मोटरसाइकिल बरामद की. इस हत्याकांड में पहले ही दो आरोपी अजय सिंह और चंदन गिरफ्तार होकर जेल भेजे जा चुके हैं.

पुलिस को मिली थी सूचना

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में टीमों ने इलाके की घेराबंदी कर ली. पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने खुद को घिरता देख बचने के लिए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इस फायरिंग में एक गोली थाना प्रभारी मुरसान गिरीश चन्द्र गौतम की बुलेटप्रूफ जैकेट पर और दूसरी पुलिस वाहन पर लगी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें सुखवीर फौजी के दोनों पैरों में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.